नई दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं और भारतीय हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद को श्रद्धांजलि अर्पित की. सोशल मीडिया पर साझा किए गए अपने संदेश में प्रधानमंत्री ने कहा कि मेजर ध्यानचंद की महान विरासत आने वाली पीढ़ियों को निरंतर प्रेरित करती रहेगी.
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में भारत के खेल परिदृश्य में उल्लेखनीय बदलाव आया है. युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित और निखारने वाले जमीनी स्तर के कार्यक्रमों से लेकर विश्वस्तरीय खेल सुविधाओं के निर्माण तक, देश में खेलों को बढ़ावा देने के लिए व्यापक स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं.
To every sports lover…your dedication, passion and determination make everyone proud.
We also pay homage to the legendary Major Dhyan Chand Ji, whose brilliance inspires generations.#NationalSportsDay pic.twitter.com/uwzxCWPmuW
— Narendra Modi (@narendramodi) August 29, 2026
उन्होंने कहा कि सरकार खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग देने, आधुनिक खेल बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और भारत को खेल उत्कृष्टता के वैश्विक केंद्र के रूप में स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध है.
वहीं, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी राष्ट्रीय खेल दिवस पर मेजर ध्यानचंद को श्रद्धांजलि अर्पित की. उन्होंने कहा कि मेजर ध्यानचंद का समर्पण, अनुशासन और कड़ी मेहनत बेमिसाल रही है. हॉकी के क्षेत्र में उनका योगदान देश के खिलाड़ियों और युवाओं के लिए हमेशा प्रेरणास्रोत बना रहेगा.
अपनी अद्भुत और असाधारण प्रतिभा से भारतीय हॉकी को विश्व पटल पर नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने वाले महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद जी की जयंती पर उन्हें कोटि-कोटि नमन एवं समस्त देशवासियों को ‘राष्ट्रीय खेल दिवस’ की हार्दिक शुभकामनाएँ।
मेजर ध्यानचंद जी का कौशल ऐसा था कि पूरी दुनिया उनकी… pic.twitter.com/yv4fWZ5F4W
— Amit Shah (@AmitShah) August 29, 2026
अमित शाह ने कहा कि मेजर ध्यानचंद ने हॉकी की दुनिया में भारत की विशिष्ट पहचान बनाई और उनकी उपलब्धियां देशवासियों की स्मृतियों में सदैव जीवित रहेंगी.
राष्ट्रीय खेल दिवस हर वर्ष मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर मनाया जाता है. यह दिन देश में खेलों के प्रति जागरूकता बढ़ाने, खिलाड़ियों के योगदान को सम्मान देने और युवाओं को खेलों के लिए प्रेरित करने का संदेश देता है.

