नोएडा: थाना फेस-1 क्षेत्र के सेक्टर-6 स्थित एक प्लास्टिक फैक्ट्री में भीषण आग लगने से रविवार देर रात हड़कंप मच गया. यहां बी-134 स्थित चार मंजिला इमारत में प्लास्टिक के आर्टिफिशियल फूल बनाने का काम होता है. प्लास्टिक सामग्री होने के कारण आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया और पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया.
आग इतनी तेजी से फैली कि पास स्थित दूसरी बिल्डिंग भी इसकी चपेट में आ गई. सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं. करीब 25 दमकल गाड़ियों की मदद से कई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका. घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई.
Noida, Uttar Pradesh: A major fire broke out in a plastic flower manufacturing factory in Sector 6. The fire started in the basement of the four-storey building around 1 AM. Twelve fire tenders are engaged in firefighting operations, but the blaze has not yet been brought under… pic.twitter.com/XcWRmG1FCF
— IANS (@ians_india) November 23, 2026
मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) गौतम बुद्ध नगर, प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि जब फायर डिपार्टमेंट की टीमें मौके पर पहुंचीं तो आग विकराल रूप ले चुकी थी. ग्राउंड फ्लोर से लेकर ऊपर की मंजिलों और बेसमेंट तक आग की लपटें उठ रही थीं. फैक्ट्री में प्लास्टिक से संबंधित काम होने के कारण आग तेजी से फैल रही थी. आग की गंभीरता को देखते हुए गाजियाबाद से भी विशेष अग्निशमन संसाधन और वाहन मंगवाए गए. राहत की बात है की जिस समय आग लगी, उस वक्त घटनास्थल पर कोई मौजूद नहीं था.
उन्होंने आगे बताया कि आग बुझाने के लिए वॉटर टावर, थर्मल इमेजिंग कैमरा, रिवॉल्विंग मॉनिटर और रोबोट जैसे आधुनिक उपकरणों का इस्तेमाल किया गया. दमकलकर्मियों ने अलग-अलग दिशाओं से आग बुझाने का अभियान चलाया. इस दौरान बगल की बिल्डिंग में फैली आग पर भी काबू पाया गया. उन्होंने बताया कि फिलहाल आग को पूरी तरह ठंडा करने के लिए तीन दमकल गाड़ियों को मौके पर लगाया गया, ताकि दोबारा आग भड़कने की आशंका को खत्म किया जा सके.

