सरकार का बड़ा फैसला, 'अग्निवीरों' का कार्यकाल बढ़ाकर 6 साल किया गया - TV News Today
दिल्‍ली-एनसीआर

सरकार का बड़ा फैसला, ‘अग्निवीरों’ का कार्यकाल बढ़ाकर 6 साल किया गया

दिल्ली: भारत सरकार ने चार साल की सेवा पूरी कर चुके ‘अग्निवीरों’ के हक में बड़ा फैसला लिया है. 75 प्रतिशत ‘अग्निवीरों’ को दो साल का सेवा विस्तार दिया गया है. इस साल सेना से बाहर होने वाले 75 प्रतिशत अग्निवीर अब दो साल और सेवा कर सकेंगे, यानी उनका कार्यकाल अब 6 साल का होगा.

इस फैसले की जानकारी देते हुए चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल एनएस राजा सुब्रमणि ने बुधवार को कहा, “आज भारतीय रक्षा बलों और हमारे ‘अग्निवीरों’ के लिए बहुत अहम दिन है. कैबिनेट ने सभी अग्निवीरों के लिए इंडियन डिफेंस फोर्सेज में शामिल होने का रास्ता बनाया है. जैसा कि आप जानते हैं, ‘अग्निपथ’ स्कीम 14 जून, 2022 को शुरू की गई थी. उस समय, यह कहा गया था कि अग्निवीरों का लगातार प्रदर्शन मूल्यांकन (Performance Evaluation) होगा और स्कीम की समय-समय पर समीक्षा की जाएगी.

उन्होंने कहा कि अग्निवीरों का पहला बैच अब अपने चार साल के कार्यकाल के पूरा करने वाला है. इन चार वर्षों में किए गए परफॉर्मेंस इवैल्यूएशन के आधार पर, हमें उनके प्रदर्शन के बारे में बहुत सकारात्मक फीडबैक मिला है.”

सीडीएस ने कहा कि जैसा कि आप जानते हैं, 25% अग्निवीरों को मेरिट के आधार पर नियमित फोर्सेज में भर्ती किया जाना है. पहले, यह नियम था कि 75% अग्निवीर अनुशासित और उत्साहित युवाओं के रूप में समाज में वापस आएंगे. हालांकि, इस अपडेटेड स्कीम के तहत, बचे हुए 75% अग्निवीरों को अब दो साल का अतिरिक्त एंगेजमेंट पीरियड दिया जाएगा. इस दो साल के समय के पूरा होने पर, जो भी लोग योग्य होंगे, उन्हें आर्म्ड फोर्सेज में स्थायी पदों पर भर्ती किया जाएगा, जो ऑब्जेक्टिव सिलेक्शन क्राइटेरिया के आधार पर होगा. ये इस स्कीम के चार मुख्य पहलू हैं.”

चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल एनएस राजा सुब्रमणि ने कहा, “सबसे पहले, मैं यह बताना चाहता हूं कि अग्निपथ स्कीम अपने मौजूदा रूप में, यानी पहले चार साल, जारी रहेगी. अग्निपथ स्कीम बंद नहीं हुई है. यह जारी रहेगी. दूसरी बात, दो साल का यह दूसरा एंगेजमेंट पीरियड उन अग्निवीरों को लंबे समय तक सेवा करने का मौका देता है जो पहले चार वर्षों में नियमित सेवा के लिए चुने नहीं गए हैं.”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *