नोएडा के सेक्टर-63 में पिंक बूथ का शुभारंभ, महिलाओं को मिलेगी त्वरित पुलिस सहायता - TV News Today
दिल्‍ली-एनसीआर

नोएडा के सेक्टर-63 में पिंक बूथ का शुभारंभ, महिलाओं को मिलेगी त्वरित पुलिस सहायता

नोएडा: महिला सुरक्षा को मजबूत बनाने और महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नरेट गौतम बुद्ध नगर की ओर से थाना सेक्टर-63 क्षेत्र के सी-ब्लॉक में पिंक बूथ की स्थापना की गई. मंगलवार को डीसीपी महिला सुरक्षा सुनीति और डीसीपी सेंट्रल नोएडा डॉ. प्रवीण रंजन सिंह ने पिंक बूथ का उद्घाटन किया. डीसीपी महिला सुरक्षा सुनीति सिंह ने बताया कि पूरे जनपद में कुल 31 बूथ हो गए हैं, 3 सालों में महिलाओं की सुरक्षा और उनके समस्याओं को सुनने और उन्हें दूर करने के उद्देश्य से इन बूथ की स्थापना की गई है.

डीसीपी महिला सुरक्षा सुनीति सिंह ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षा संबंधी सहायता उपलब्ध कराने के साथ उनकी शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करना है. पिंक बूथ के माध्यम से महिलाएं अपनी समस्याएं और शिकायतें पुलिस के सामने सहजता एवं सुरक्षित माहौल में रख सकेंगी. उन्होंने बताया कि पिंक बूथ पर महिला पुलिसकर्मियों तैनाती रहेगी, जिससे जरूरत पड़ने पर महिलाओं को आसानी से पुलिस सहायता मिल सकेगी. साथ ही पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी जोर दिया जाएगा.

उद्घाटन के अवसर पर पुलिस अधिकारियों ने बूथ पर तैनात पुलिसकर्मियों को आमजन के साथ संवेदनशील एवं सहयोगात्मक व्यवहार करने के निर्देश दिए. अधिकारियों ने महिला सुरक्षा से संबंधित शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा. पुलिस कमिश्नरेट गौतम बुद्ध नगर की ओर से मिशन शक्ति अभियान सहित विभिन्न पहलों के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं. पिंक बूथ की शुरुआत को महिला सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *