दिल्‍ली-एनसीआर

ग्रेटर नोएडा में सीएम योगी ने श्रमिकों को दी कई सौगातें, छात्रों को बांटे टैबलेट

ग्रेटर नोएडा: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस और बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर ग्रेटर नोएडा में आयोजित कार्यक्रम में श्रमिकों के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं. इस दौरान उन्होंने अटल आवासीय विद्यालय के मेधावी छात्र-छात्राओं और प्रधानाचार्य को टैबलेट देकर सम्मानित किया. सीएम योगी ने ग्रेटर नोएडा में श्रमिक सुविधा केंद्र का बटन दबाकर शिलान्यास किया और जेवर स्थित सीएम कंपोजिट विद्यालय का भी शुभारंभ भी किया. साथ ही ईएसआई अस्पताल के निर्माण के लिए नोएडा में भूमि आवंटन की भी जानकारी दी.

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल आवासीय विद्यालयों में श्रमिकों के बच्चों और कोविड काल में अनाथ हुए बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दी जा रही है. उन्होंने श्रमिकों के योगदान को सराहते हुए कहा कि “जब श्रमिक का पसीना धरती पर गिरता है तो धरती सोना उगलती है”. सीएम योगी ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार ने मिलकर गरीबों और श्रमिकों के जीवन में बड़ा बदलाव लाया है. देश में 4 करोड़ और उत्तर प्रदेश में 65 लाख आवास उपलब्ध कराए गए हैं. आयुष्मान कार्ड के जरिए गरीबों को मुफ्त इलाज की गारंटी मिली.

सीएम योगी ने कहा कि पहले गरीबों का राशन बीच में ही खत्म हो जाता था, लेकिन अब प्रदेश में 16 करोड़ लोगों को पारदर्शी तरीके से राशन मिल रहा है. “वन नेशन, वन राशन कार्ड” योजना का लाभ भी लोगों को मिल रहा है.

मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि दुर्घटना की स्थिति में श्रमिकों को 5 लाख रुपये तक की सहायता दी जाएगी. साथ ही 80 लाख श्रमिकों को स्वास्थ्य बीमा और 1 करोड़ श्रमिक परिवारों को बीमा योजनाओं से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है. उन्होंने कहा कि प्रदेश के 18 मंडलों में अटल आवासीय विद्यालय स्थापित किए जा चुके हैं, जहां प्रत्येक में 1000 बच्चों की पढ़ाई की व्यवस्था है.

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कोविड काल में जब विपक्ष के नेता घरों में थे, तब सरकार ने एक करोड़ श्रमिकों को सुरक्षित उनके घर पहुंचाया और तब से अब तक उन्हें राशन उपलब्ध कराया जा रहा है. उन्होंने कहा कि प्रदेश में श्रमिकों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए श्रमिक अड्डे बनाए जा रहे हैं. जहां सीसीटीवी, कैंटीन और अन्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी. साथ ही ग्रेटर नोएडा में 7 एकड़ और गोरखपुर में 5 एकड़ भूमि पर श्रमिकों के लिए विशेष अस्पताल बनाए जाएंगे. मुख्यमंत्री ने कहा कि उद्योग और श्रमिक एक-दूसरे के पूरक हैं और सरकार का संकल्प है “हर हाथ को काम और हर श्रमिक को सम्मान”.

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने अवधी में संबोधन करते हुए कहा कि सरकार श्रमिकों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है. उन्होंने कहा कि यदि कोई गुंडा या माफिया श्रमिकों को परेशान करता है तो सीधे मुख्यमंत्री को पत्र लिखें, सरकार सख्त कार्रवाई करेगी .

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने श्रमिक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि 2014 के बाद श्रमिकों के जीवन में व्यापक सुधार हुआ है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किए गए फैसलों का जिक्र करते हुए कहा कि वीआईपी कल्चर खत्म करने के लिए 1 मई को मंत्रियों की गाड़ियों से लाल बत्ती हटाई गई थी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *