आईआईटी खड़गपुर के 75 साल: पीएम मोदी ने दिया 'ब्रेक द लिमिट्स' का मंत्र, कहा— चुनौतियों से घबराएं नहीं युवा - TV News Today
दिल्‍ली-एनसीआर

आईआईटी खड़गपुर के 75 साल: पीएम मोदी ने दिया ‘ब्रेक द लिमिट्स’ का मंत्र, कहा— चुनौतियों से घबराएं नहीं युवा

दिल्‍ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को आईआईटी खड़गपुर के 75वें स्थापना दिवस यानी ‘प्लैटिनम जुबली’ समारोह में हिस्सा लिया. देश के इस सबसे पुराने और प्रतिष्ठित तकनीकी संस्थान के मंच से प्रधानमंत्री ने युवाओं को देश की तरक्की के लिए ‘अपनी सीमाओं को तोड़ने’ (ब्रेक द लिमिट्स) का मंत्र दिया. उन्होंने अगली पीढ़ी का आह्वान किया कि वे अपनी सोच को किसी दायरे में न बांधें, बल्कि बड़े लक्ष्य तय करें.

छात्रों को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में आईआईटी खड़गपुर की बेहद अहम भूमिका है. संस्थान के ऐतिहासिक महत्व को याद करते हुए उन्होंने कहा, “यह वही पवित्र भूमि है, जहां कभी स्वतंत्रता सेनानियों के लिए डिटेंशन कैंप हुआ करता था. उन सेनानियों का सपना था कि भारत अपने दम पर आगे बढ़े और दुनिया में सर्वश्रेष्ठ बने. उसी मिट्टी पर आईआईटी खड़गपुर की नींव रखी गई. उनका यह विजन आज आप सभी युवाओं के लिए सबसे बड़ी प्रेरणा है. आकांक्षाओं से आत्मनिर्भरता तक की यही यात्रा ‘विकसित भारत’ की असली ताकत है.”

प्रधानमंत्री ने युवाओं को खुद पर भरोसा रखने और चुनौतियों का डटकर सामना करने की सलाह दी. उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा, “मैं रास्ते में आने वाली चुनौतियों को चुनौती दिए बिना कभी नहीं रुकता. अक्सर लोग मुश्किलों से घबरा जाते हैं और अपनी ही क्षमताओं पर एक कृत्रिम सीमा लगा लेते हैं. जो लोग अपनी सोच को सीमित रखते हैं, वे कभी आगे नहीं बढ़ पाते. लेकिन बीते कुछ वर्षों में भारत ने अपनी पुरानी सीमाओं को तोड़कर दुनिया को अपनी ताकत दिखाई है.”

इस मौके पर पीएम मोदी ने स्वामी विवेकानंद के प्रसिद्ध संदेश को जीवन का मूलमंत्र बनाने की अपील की. उन्होंने कहा, “स्वामी विवेकानंद जी ने कहा था— ‘उठो, जागो और तब तक मत रुको जब तक लक्ष्य की प्राप्ति न हो जाए.’ हमें उनकी इस सीख को अपने जीवन का हिस्सा बनाना होगा, तभी हम एक ‘विकसित भारत’ का निर्माण कर पाएंगे.”

इससे पहले, प्रधानमंत्री सुबह करीब 10:30 बजे आईआईटी खड़गपुर पहुंचे. कलाईकुंडा एयरपोर्ट पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष और सांसद शमिक भट्टाचार्य, केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री सुकांत मजूमदार और उच्च शिक्षा मंत्री जगन्नाथ चट्टोपाध्याय ने उनका स्वागत किया.

परिसर में पीएम मोदी ने ‘वॉयसेस फॉर विकसित भारत’ कार्यक्रम के तहत 75 मेधावी छात्रों के साथ सीधा संवाद किया और भविष्य की तकनीक में भारत की संभावनाओं पर चर्चा की. उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी एक आधुनिक प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया. इसके बाद नेताजी ऑडिटोरियम में आयोजित करीब डेढ़ घंटे के मुख्य समारोह में प्रधानमंत्री ने संस्थान के 75 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में एक विशेष ‘प्लैटिनम जुबली’ स्मारक सिक्का भी जारी किया.

प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए पूरे आईआईटी परिसर और आसपास के इलाकों को छावनी में तब्दील कर दिया गया था. राज्य और केंद्रीय खुफिया एजेंसियों की निगरानी के साथ-साथ भारी संख्या में सुरक्षाबल तैनात रहे. सुरक्षा के लिहाज से बाहरी लोगों का परिसर में प्रवेश पूरी तरह वर्जित रखा गया था. इसके अलावा, प्रशासन ने सुबह 5 बजे से दोपहर 2 बजे तक पूरे पश्चिम मेदिनीपुर जिले के आसमान में ड्रोन उड़ाने पर भी सख्त पाबंदी लगा दी थी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *