दिल्ली के सीमापुरी में पांच मंजिला इमारत ढही, मलबे में कुछ लोगों के दबे होने की आशंका, मौके पर मची अफरा-तफरी (वीडियो न्यूज़) - TV News Today
दिल्‍ली-एनसीआर

दिल्ली के सीमापुरी में पांच मंजिला इमारत ढही, मलबे में कुछ लोगों के दबे होने की आशंका, मौके पर मची अफरा-तफरी (वीडियो न्यूज़)

दिल्ली: सीमापुरी इलाके में न्यू सीमापुरी स्थित ईदगाह मछली मंडी के पास एक एक पांच मंजिला इमारत गिर गई. इसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया. फायर कंट्रोल रूम को दोपहर 3:15 बजे बिल्डिंग गिरने की कॉल मिली. सूचना मिलते ही दिल्ली फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया. मौके पर दिल्ली पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौजूद हैं.

मिली जानकारी के मुताबिक, मलबे में कुछ लोगों के दबे होने की सूचना है. घायलों को तुरंत राजीव गांधी अस्पताल ले जाया गया है. एंबुलेंस की मदद से उनका इलाज कराया जा रहा है.

फायर विभाग के मुताबिक, शुरुआती तौर पर मौके पर 3 वाटर टेंडर (WT) और एक इंसिडेंट रिस्पांस टीम (IRT) को रवाना किया गया. STO मनोज त्यागी की ओर से वरिष्ठ अधिकारी की मांग भी की गई. चीफ फायर ऑफिसर ए.के. मलिक ने घटना को लेकर जानकारी दी है. फिलहाल राहत-बचाव अभियान जारी है और घटना में किसी के हताहत होने की आधिकारिक जानकारी का इंतजार है.

बताया जा रहा है कि यह इमारत गली के बिल्कुल अंदर की ओर है और पिछले साल ही बनी थी. इस पांच मंजिला इमारत में ग्राउंड फ्लोर पर दुकानें और ऊपर की ओर चार मंजिलें बनी हुई थीं, जिनमें अलग- अलग परिवार रहते थे. बिल्डिंग मालिक और उसका परिवार भी इसी इमारत में रहता था और उसके भी दबने की खबर है. दो बच्चों को स्थानीय लोगों ने मलबे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया.

बता दें कि 6 सितंबर को दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के सत्य निकेतन के पास एक बहुमंजिला इमारत ढह गई थी. इस हादसे में 7 लोगों की जान चली गई थी. जबकि कई लोग घायल हो गए थे. इस हादसे के बाद दिल्ली सरकार ने सख्त कदम उठाते हुए जर्डर इमारतों को सील करने का निर्देश दिया. आज 7 अक्टूबर 2026 को उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सीमापुरी इलाके में एक और बहुमंजिला इमारत ढह गई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *