दिल्ली: ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ अभियान के तहत बुधवार को दिल्ली के सिविक सेंटर स्थित केदारनाथ साहनी ऑडिटोरियम में ‘सफाईमित्र सुरक्षा एवं सम्मान शिविर’ का आयोजन किया गया. सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय की ओर से आयोजित इस शिविर का उद्देश्य सफाईमित्रों के योगदान को सम्मान देने के साथ उन्हें स्वास्थ्य, सुरक्षा और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी सुविधाएं उपलब्ध कराना रहा.
कार्यक्रम में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार, केंद्रीय राज्य मंत्री बी.एल. वर्मा, दिल्ली नगर निगम के महापौर प्रवेश वाही और निगम आयुक्त संजीव खिरवार समेत कई अधिकारी शामिल हुए.उन्होंने शिविर में आए सभी लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई.
आज #SevaSankalpAbhiyan के अंतर्गत केदारनाथ साहनी ऑडिटोरियम में आयोजित ‘सफाई मित्र सुरक्षा एवं सम्मान शिविर’ में माननीय केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार जी एवं केंद्रीय राज्य मंत्री श्री बी. एल. वर्मा जी के साथ सम्मिलित हुई। शिविर में सफाई मित्रों,… pic.twitter.com/Kc7P6U54eu
— Rekha Gupta (@gupta_rekha) September 30, 2026
‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलाया जा रहा है. इस वर्ष अभियान की थीम ‘स्वच्छता में सहभाग, स्वच्छ भारत, विकसित भारत’ है. वहीं कार्यक्रम का संदेश ‘सम्मान सफाई मित्रों का, संकल्प स्वच्छ भारत का’ रखा गया है. शिविर में सफाई कर्मचारियों और उनके परिवारों के लिए सिंगल-विंडो सुविधा उपलब्ध कराई गई. इसके जरिए स्वास्थ्य जांच, केंद्र और दिल्ली सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी और लाभ, PPE किट तथा सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए गए.
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि सफाईमित्र अपने परिश्रम और सेवाभाव से हर दिन दिल्ली को स्वच्छ और सुंदर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. उन्होंने सफाईमित्रों की सेवा और योगदान के लिए उनका आभार जताते हुए कहा कि उनका सम्मान, सुरक्षा और कल्याण सरकार की प्राथमिकता है.
कार्यक्रम के दौरान सफाई कर्मचारियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने और नशे से दूर रहने की शपथ भी दिलाई गई. इस मौके पर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के संयुक्त सचिव डॉ. संदीप आर. राठौड़, राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी वित्त एवं विकास निगम (NSKFDC) के प्रबंध निदेशक पी.के. सिंह सहित मंत्रालय और निगम के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे.

