दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर के लोगों को बड़ी सौगात देते हुए मंगलवार को गृह मंत्री अमित शाह ने बहुप्रतीक्षित बारापुला फेज-3 एलिवेटेड कॉरिडोर का उद्घाटन किया. इस दौरान अमित शाह पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, कॉरिडोर का लोकार्पण किया और इसके तुरंत बाद वापस लौट गए. इस नए कॉरिडोर के शुरू होने से अब मयूर विहार से एम्स और दक्षिण दिल्ली तक का सफर पूरी तरह सिग्नल-फ्री हो गया है, जिससे लाखों वाहन चालकों को जाम से बड़ी राहत मिलेगी.
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बारापुला फेज-3 एलिवेटेड कॉरिडोर के उद्घाटन समारोह में पिछली आम आदमी पार्टी सरकार पर विकास कार्यों को ठप करने का आरोप लगाया. सीएम ने कहा, ”पिछली आप सरकार ने दिल्ली को बर्बाद करने में कोई कसर नहीं छोड़ी. हमारी सरकार आने के महज डेढ़ साल के भीतर ही रुके हुए तमाम विकास कार्य तेजी से शुरू और पूरे किए जा रहे हैं. दिल्ली की जनता को हर सुख-सुविधा उपलब्ध कराने के लिए हमारी सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ लगातार काम कर रही है.”
आज दिल्ली के विकास की यात्रा में एक और महत्वपूर्ण अध्याय जुड़ा है। आदरणीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी के मार्गदर्शन में माननीय केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री @AmitShah जी के करकमलों से ₹1,941 करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास हुआ। समस्त… pic.twitter.com/Fztk02J5eK
— Rekha Gupta (@gupta_rekha) September 29, 2026
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा,”मयूर विहार से सराय काले खां तक बनने वाला यह एलिवेटेड कॉरिडोर साल 2014 में स्वीकृत होने के बावजूद लंबे समय तक अधूरा पड़ा रहा. लेकिन, हमारी सरकार आने के बाद पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा और अधिकारियों के निरंतर प्रयासों से 2014 से लंबित इस परियोजना को डेढ़ साल के भीतर पूरा कर जनता को समर्पित कर दिया गया.”
मुख्यमंत्री ने भरोसा जताया कि यह कॉरिडोर दिल्ली के नागरिकों के दैनिक सफर को बेहद सुगम और आसान बनाने का काम करेगा. इस नवनिर्मित कॉरिडोर के शुरू होने से पूर्वी और दक्षिण दिल्ली के बीच यातायात कनेक्टिविटी को बेहतर करने में बहुत बड़ी और महत्वपूर्ण भूमिका मिलेगी.
दिल्ली के पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा ने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनते ही उन्होंने सबसे पहले इस अटके हुए प्रोजेक्ट का निरीक्षण किया था. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि निरीक्षण के दौरान पता चला कि पिछले 9 सालों में आम आदमी पार्टी का कोई भी नेता या मंत्री इस फ्लाईओवर की सुध लेने नहीं पहुंचा था.

मंत्री वर्मा ने आरोप लगाया कि पिछली सरकार की लापरवाही के कारण इस प्रोजेक्ट को पूरा होने में 9 साल लग गए, जिससे इसकी निर्माण लागत भी दोगुनी हो गई और दिल्ली की जनता को सालों तक भारी परेशानी झेलनी पड़ी. प्रवेश वर्मा ने कहा कि बीजेपी सरकार में कार्यभार संभालते ही उन्होंने जो समय सीमा (डेडलाइन) तय की थी, उसी के अनुसार अधिकारियों ने तत्परता से काम कर निर्माण कार्य को पूरा किया, जिसके बाद आज गृह मंत्री अमित शाह ने इसे जनता को सौंप दिया.
पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा ने अंत में कहा कि इस कॉरिडोर के शुरू होने से अब पूर्वी दिल्ली से दक्षिणी दिल्ली आने-जाने वाले लोगों को सड़क पर लगने वाले भीषण जाम से हमेशा के लिए मुक्ति मिल जाएगी और यह सफर अब घंटों के बजाय कुछ ही मिनटों में तय हो सकेगा.

