उत्तर प्रदेश: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हौसला है तो युवा अपनी उड़ान खुद भर सकता है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हमेशा कहते हैं कि युवा देश की ऊर्जा हैं. इन्हें सही राह दिखाकर उचित अवसर प्रदान किए जाने की आवश्यकता है. जिनकी प्रेरणा से डबल इंजन की भाजपा सरकार ने प्रदेश के अंदर 10 लाख नए युवा उद्यमी को तैयार करने के अभियान को अपने हाथ में लिया है.
सीएम गुरुवार को बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत, गोरखपुर और बस्ती मंडल के 2500 लाभार्थियों को 100 करोड़ रुपये का ऋण, ओडीओपी के अंतर्गत दोनों मंडलों के 2100 प्रशिक्षणार्थियों को टूलकिट वितरण करने के बाद, उपस्थित जन समूह को सम्बोधित कर रहे थे. इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया. कहा कि होली के पहले प्रदेश के युवाओं को दी जा रही यह सौगात उन्हें नए युवा उद्यमी बनने में मदद करेगा.
आदरणीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी के मार्गदर्शन में डबल इंजन की भाजपा सरकार ने प्रदेश में 10 लाख नए युवा उद्यमी तैयार करने का संकल्प लिया है।
आज महायोगी गुरु श्री गोरखनाथ जी की पावन धरा गोरखपुर में 'मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान' के अंतर्गत गोरखपुर एवं बस्ती मंडल… pic.twitter.com/OqrsIu8KEr
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) March 6, 2025
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा उद्यमी योजना 24 जनवरी 2025 को यूपी के स्थापना दिवस पर प्रारंभ किया गया था. अभी लगभग सवा महीने हुए हैं. इससे पूरे वर्ष भर में एक लाख नए उद्यमियों को जोड़ना था, लेकिन अभी ही 2 लाख 54 हजार 794 आवेदन आ चुके हैं. यही स्कीम की लोकप्रियता है.
इसमें से एक लाख आवेदन बैंकों को भेज दिए गए हैं. 24 हजार लाभार्थियों को 931 करोड़ रुपए का ऋण स्वीकृत हो गया है और 10,500 लाभार्थियों को 410 करोड़ रुपए वितरण भी किया जा चुका है. गोरखपुर व बस्ती मंडल के 1440 लाभार्थियों को 67.14 करोड़ रुपए का ऋण स्वीकृत करते हुए 575 लाभार्थियों को 25.80 करोड़ का ऋण पहले वितरित किया जा चुका है. आज 2500 लाभार्थियों को 100 करोड़ ऋण वितरण की व्यवस्था की गई है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत नई दिशा में चला है. पिछले 10 वर्ष में पीएम मोदी के नेतृत्व में नए भारत का दर्शन किया जा रहा है. नया भारत ऊर्जा व सामर्थ्य से दुनिया को अपना अनुगामी बनाता है. इस ऊर्जा के प्रतीक हैं युवा, जिन्होंने पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत को दुनिया की पांचवीं बड़ी अर्थव्यवस्था बनाया.
सीएम ने कहा कि उपराष्ट्रपति के हाथों मुख्यमंत्री युवा उद्यमी स्कीम का पोर्टल प्रारंभ कराया. इसमें हमने व्यवस्था दी कि एक वर्ष में एक लाख नए उद्यमी, पांच लाख रुपए का ब्याज मुक्त ऋण उपलब्ध कराएंगे. 10 प्रतिशत तक मार्जिन मनी भी सरकार उपलब्ध कराएगी. अनुसूचित जाति-जनजाति, महिला व अति पिछड़ी जाति के लिए अतिरिक्त सुविधा का प्रावधान किया गया है. यह लोग भी आज इस कार्यक्रम के साथ जुड़े हैं.

