उत्तराखंड: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एक दिवसीय दौरे पर उधम सिंह नगर पहुंचे. जहां उन्होंने गदरपुर में कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास कर जनता को समर्पित किया. इस दौरान बीजेपी कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया, तो वहीं मुख्यमंत्री के दौरे के बीच कांग्रेस ने भी विरोध प्रदर्शन करते हुए उनके काफिले को काले झंडे दिखाए. पुलिस ने प्रदर्शन कर रही कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव शिल्पी अरोड़ा को हिरासत में ले लिया.
दरअसल, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का उधम सिंह नगर जनपद के गदरपुर और रुद्रपुर का एक दिवसीय दौरा राजनीतिक एवं प्रशासनिक दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण रहा. मुख्यमंत्री सबसे पहले गदरपुर मंडी समिति स्थित हेलीपैड पर पहुंचे, जहां बीजेपी के नेताओं, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया. फूल-मालाओं और जयघोष के बीच मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया गया. हेलीपैड से मुख्यमंत्री सीधे गदरपुर स्थित कंबोज धर्मशाला पहुंचे, जहां उन्होंने अमर शहीद उधम सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की.
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने गदरपुर बस स्टेशन में आयोजित कार्यक्रम में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच ₹2,830.07 लाख लागत की 08 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने फीता काटकर नवनिर्मित गदरपुर बस स्टेशन का लोकार्पण भी किया।
मुख्यमंत्री श्री… pic.twitter.com/49N8sNnNhZ
— Uttarakhand DIPR (@DIPR_UK) July 31, 2026
इसके बाद उन्होंने आयोजित अखंड पाठ में भी भाग लिया और प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं विकास की कामना की. अपने संबोधन में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आज शहीद भगत सिंह के बलिदान दिवस पर भी पूरा देश उन्हें श्रद्धापूर्वक याद कर रहा है. उन्होंने कहा कि देश की आजादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले सभी महान स्वतंत्रता सेनानियों का योगदान सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा और नई पीढ़ी को उनके आदर्शों से सीख लेनी चाहिए.
सीएम धामी ने गदरपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया. उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देकर काम कर रही है. लंबे समय से निर्माणाधीन गदरपुर बस अड्डे का कार्य अब पूरा हो चुका है और उसे जनता को समर्पित कर दिया गया है. इसके अलावा खंड विकास कार्यालय भवन का लोकार्पण भी किया गया.
मुख्यमंत्री ने डालबाबा मंदिर से गुलरभोज कुल्हा तिलपुरी वन बैरियर तक सड़क निर्माण समेत विभिन्न आंतरिक मार्गों के निर्माण कार्यों का भी शिलान्यास किया. उन्होंने कहा कि गुलरभोज क्षेत्र पर्यटन के क्षेत्र में तेजी से अपनी अलग पहचान बना रहा है. यहां की प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटन संभावनाओं को देखते हुए बड़ी संख्या में लोग यहां पहुंच रहे हैं. सरकार इस क्षेत्र के समग्र विकास और पर्यटन सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है.
वहीं, मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस ने भी विरोध प्रदर्शन किया. कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव शिल्पी अरोड़ा ने मुख्यमंत्री के हेलीपैड से निकलते ही उनके काफिले को काले झंडे दिखाकर विरोध दर्ज कराया. प्रदर्शन के दौरान उन्होंने अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय दिलाने की मांग उठाई और सरकार पर गंभीर आरोप लगाए.
मुख्यमंत्री के काफिले की सुरक्षा में तैनात पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए शिल्पी अरोड़ा को हिरासत में ले लिया. कुछ देर तक मौके पर राजनीतिक माहौल गर्म रहा. हालांकि, पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर लिया. मुख्यमंत्री का कार्यक्रम निर्धारित समय के अनुसार संपन्न हुआ और उन्होंने बाद में रुद्रपुर के लिए प्रस्थान किया.

