उत्तर प्रदेश

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उद्घाटन की तैयारियां तेज, 28 मार्च को PM मोदी कर सकते हैं उद्घाटन

नोएडा: उत्तर प्रदेश के विकास को एक नई उड़ान मिलने वाली है. जेवर में बन रहा नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट अब पूरी तरह बनकर तैयार है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को जानकारी दी कि राज्य सरकार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इस ऐतिहासिक उद्घाटन के लिए आमंत्रित किया है. इसके उद्घाटन की घोषणा होने के बाद पुलिस प्रशासन इसकी तैयारियों में जुट गया है.

जेवर के आसमान में जल्द ही विमानों की गूंज सुनाई देगी. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की घोषणा के बाद नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड और प्रशासन अब ‘अलर्ट मोड’ में है और कार्यक्रम स्थल पर तैयारियों ने रफ्तार पकड़ ली है. कार्यक्रम स्थल पर जर्मन हैंगर टेंट और हेलीपैड बनाने का काम युद्ध स्तर पर शुरू हो गया है. सुरक्षा और प्रोटोकॉल को ध्यान में रखते हुए एयरपोर्ट परिसर में 5 हेलीपैड तैयार किए जा रहे हैं, जहां पर प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और राज्यपाल के विमान उतरेंगे. सीएम योगी ने पीएम मोदी को 28 मार्च को जेवर एयरपोर्ट का लोकार्पण करने के लिए निमंत्रण भेजा है.

NIAL के CEO आर.के. सिंह और जिलाधिकारी मेधा रूपम लगातार साइट का दौरा कर रहे हैं. कार्यक्रम में आने वाली भीड़ के लिए 7 अलग-अलग पार्किंग जोन बनाए जा रहे हैं. पेयजल, मोबाइल शौचालय और निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए विस्तृत प्लान तैयार किया गया है. एडिशनल कमिश्नर राजीव नारायण मिश्रा की देखरेख में सुरक्षा का खाका खींचा गया है. जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह इस आयोजन को ऐतिहासिक बनाने के लिए खुद मोर्चा संभाले हुए हैं. वे गांव-गांव जाकर लोगों को इस ‘विकास के उत्सव’ में शामिल होने का न्योता दे रहे हैं. उनका कहना है कि यह एयरपोर्ट केवल एक प्रोजेक्ट नहीं, बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश के लिए गर्व का प्रतीक है.

यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) के सीईओ राकेश कुमार सिंह ने स्पष्ट किया है कि यह एयरपोर्ट दुनिया भर के निवेशकों के लिए ‘गेटवे’ बनने जा रहा है. उन्होंने कहा कि 28 मार्च को प्रधानमंत्री मोदी जिस एयरपोर्ट का फीता काटेंगे, वह आने वाले समय में लाखों रोजगार और अरबों डॉलर के निवेश का केंद्र बनेगा. नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट न केवल दिल्ली-NCR का बोझ कम करेगा, बल्कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था में भी मील का पत्थर साबित होगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *