उत्तर प्रदेश

गाजियाबाद के इंदिरापुरम में लगी भीषण आग, काले धुएं से भर गया आसमान; इलाके में अफरा-तफरी

गाजियाबाद: इंदिरापुरम थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर आग लगने की घटना सामने आई. कनावनी गांव स्थित झुग्गी-झोपड़ियों में अचानक आग लग गई, जिसके बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. आग इतनी भयानक है कि उससे उठता काला धुएं का गुबार करीब दो किलोमीटर दूर तक दिखाई दे रहा है. फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंची हैं, जो आग पर काबू पाने के प्रयास में जुटी हैं.

स्थानीय लोगों द्वारा आग लगने की जानकारी मिलते ही झुग्गियों में से लोगों को बाहर निकल गया और आग लगने की सूचना तुरंत अग्निशमन विभाग को दी गई. इसी बीच लोग झुग्गियों से जरूरी सामान और सिलेंडर निकालते हुए दिखाई दिए. स्थानीय लोगों के अनुसार आग दोपहर करीब 12 बजे लगी और कुछ ही मिनटों में तेजी से फैल गई. झुग्गी बस्ती होने के कारण आग ने तेजी से कई घरों को अपनी चपेट में ले लिया. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

लोग अपने घरों से जरूरी सामान, बच्चों और गैस सिलेंडर लेकर भागते नजर आए. कई परिवारों ने किसी तरह अपनी जान बचाकर खुले मैदानों और सड़कों की ओर भागें. कानावनी इलाके में तकरीबन 200 से अधिक झुग्गी झोपड़ियां है. फिलहाल, मौके पर अग्निशमन विभाग की टीम आग बुझाने का काम कर रही है. मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल के मुताबिक, जिले के सभी फायर स्टेशन से फायर टेंडर बुलाए गए हैं. नोएडा से भी आग बुझाने की गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंची हैं. फिलहाल किसी के हताहत होने की खबर नहीं है. आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है.

जिलाधिकारी रविंद्र कुमार एम ने घटना स्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया. डीएम ने बताया, इंदिरापुरम के कनवानी इलाके में स्थित झुग्गियों में आग लगी है. यहां तकरीबन डेढ़ सौ से 200 झुग्गियां है. यहां रहने वाले अधिकतर लोग कबाड़ का काम करते हैं. अग्निशमन विभाग, पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद है. आसपास के अस्पतालों से एंबुलेंस भी घटनास्थल पर बुलाई गई है. आग को नियंत्रित कर लिया गया है. किसी प्रकार की किसी कैजुअल्टी की अभी तक सूचना नहीं है. अगले एक घंटे में आग को पूर्ण रूप से बुझा लिया जाएगा. अग्निशमन विभाग की कुल सात गाड़ियां मौके पर हैं जिसमें नोएडा से भी गाड़ियां घटना स्थल पर बुलाई गई थी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *