उत्तर प्रदेश

सहारनपुर में सीएम योगी ने ₹2,131 करोड़ की 325 परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास किया

उत्तर प्रदेश: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को सहारनपुर में हैं. जिले में तीन महीने के भीतर सीएम योगी का य़ह तीसरा दौरा है. देवबंद के जड़ौदा जट्ट में आयोजित होने वाले इस भव्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 2,131 करोड़ लागत की 325 परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया है. इनमें सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल और शहरी विकास से जुड़ी परियोजनाएं शामिल हैं.

राजनीतिक नजरिए से यह दौरा बेहद अहम माना जा रहा है. इससे पहले 14 अप्रैल को मुख्यमंत्री गंगा एक्सप्रेसवे के लोकार्पण के दौरान सहारनपुर पहुंचे थे जहां उन्होंने गणेशपुर में जनसभा कर सरकार की उपलब्धियां गिनाईं. इसके अलावा 14 मार्च को उन्होंने मां शाकंभरी सिद्धपीठ पहुंचकर दर्शन-पूजन के साथ विकास कार्यों का निरीक्षण किया था.

देवबंद का राजनीतिक और धार्मिक महत्व इसे और भी खास बना देता है. यह क्षेत्र न सिर्फ अपनी धार्मिक पहचान के लिए जाना जाता है, बल्कि यहां का राजनीतिक संदेश पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश में असर डालता है. ऐसे में मुख्यमंत्री की जनसभा को एक बड़े राजनीतिक संदेश के तौर पर देखा जा रहा है, जहां विकास योजनाओं के साथ-साथ सरकार ने अपनी नीतियों और उपलब्धियों को सामने रखा.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का यह दौरा विकास और राजनीति का संतुलित मिश्रण माना जा रहा है. जहां एक ओर हजारों करोड़ की परियोजनाओं के जरिए जनता को विकास का संदेश दिया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर यह कार्यक्रम 2027 के चुनावी रण की तैयारी का अहम पड़ाव भी माना जा रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *