उत्तर प्रदेश

हाथरस सत्संग भगदड़, योगी ने अस्पताल में घायलों से बात की, डॉक्टरों और अधिकारियों को दिए निर्देश

उत्तर प्रदेश: सिकंदराराऊ के मुगलगढ़ी व फुलरई के बीच नारायण हरी भोले बाबा के सत्संग में मंगलवार को भगदड़ मच गई थी. हादसे में अभी तक प्रशासन ने 121 लोगों के मरने की पुष्टी की है. हालांकि, अन्य स्रोत ये संख्या 150 से ज्यादा की बता रहे हैं. सत्संग में मची भगदड़ में घायल हुए लोगों का हाथरस और एटा के अस्पतालों में इलाज चल रहा है.

घटना की जानकारी पर अलीगढ़ और आगरा मंडल के पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी सिकंदराराऊ पहुंचे और मामले की जानकारी ली. वहीं लखनऊ से मुख्य सचिव और डीजीपी ने रात सिकंदराराऊ पहुंचकर मामले की गहनता से जांच पड़ताल की है. मुख्यंमंत्री योगी आदित्यनाथ हाथरस पहुंच गए हैं. सर्किट हाउस में प्रशासन के अधिकारियों से अपडेट लेने के बाद सीएम योगी सीधे अस्पताल पहुंचे और घायलों से मुलाकात की.

उन्होंने वार्ड में भर्ती घायलों से बातचीत कर हाल चाल जाना. अधिकारियों और डाक्टरों को किसी भी तरह की ढिलाई न बरतने के आदेश दिए. अस्पताल से सीएम योगी घटनास्थल के लिए निकल चुके हैं. देखना होगा कि घायलों से बातचीत और घटना स्थल के निरीक्षण के बाद वह क्या कार्रवाई करते है.

सिकंदराराऊ थाना क्षेत्र के फुलरई मुगलगढ़ी के मध्य जीटी रोड के पास आयोजित भोले बाबा के सत्संग में मची भगदड़ के बाद प्रशासन ने पहली एफआईआर दर्ज कर ली है. इसमें आयोजनकर्ता मुख्य सेवादार देवप्रकाश मधुकर निवासी न्यू काॅलोनी दमदपुरा कस्बा व थाना सिकंदराराऊ हाथरस और सहयोगी सेवादारों को नामजद किया गया है. एफआईआर में भोले बाबा का नाम नहीं है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *