उत्तर प्रदेश

ग्रेटर नोएडा: यमुना एक्सप्रेस पर स्लीपर बस में लगी भीषण आग, 9 लोगों की मौत, कई घायल

ग्रेटर नोएडा: यमुना एक्सप्रेस वे पर आज बड़ा हादसा हो गया. स्लीपर बस में भीषण आग लग गई. इस घटना में 9 लोगों की मौत हो गई. बुधवार की रात बस संख्या BR32PA8647 कश्मीरी गेट नई दिल्ली से महोबा के लिए रवाना हुई. रात के करीब 11 बजे बस थाना जेवर क्षेत्र स्थित 33 किमी माइलस्टोन के पास उसमें से आग की लपटें निकलने लगीं. बस में करीब 35 लोग सवार थे. इस घटना पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुःख जताते हुए, मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये मदद का ऐलान किया है.

सूचना मिलते ही जेवर पुलिस और फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. फायर कर्मियों ने बस के शीशे तोड़कर अंदर फंसे यात्रियों को निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया. आग इतनी भीषण थी कि पूरी बस जलकर खाक हो गई. पुलिस द्वारा तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन करते हुए 20 से अधिक यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया. पुलिस टीम व फायर सर्विस यूनिट द्वारा धुएं के मध्य अथक प्रयास करते हुए बस के अंदर जाने पर ज्ञात हुआ कि उक्त घटना में 09 व्यक्ति बस के अंदर जलने व दम घुटने के कारण मृत अवस्था में मिले. आग लगते ही बस में अफरातफरी मच गई.

नोएडा पुलिस के अनुसाक प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण बस के एसी में स्पार्क/ब्लास्ट होने के कारण बस के इंजन लुब्रिकेंट ऑयल में आग लगकर तेजी से फैल गई. पुलिस और फॉरेंसिक टीम मामले की जांच में जुटी है. फिलहाल पुलिस ने एक्सप्रेसवे पर यातायात को नियंत्रित कर दिया है और जली हुई बस को हटाने का काम जारी है. मृतकों की पहचान और घायलों की जानकारी जुटाई जा रही है.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कई यात्रियों ने चलती बस से कूदकर जान बचाई, लेकिन बस के ऊपरी हिस्से में बैठे यात्री बाहर नहीं निकल पाए. देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया. यात्रियों ने बताया कि जैसे ही बस में आग लगी, मौके से ड्राइवर और कंडक्टर दोनों ही भाग खड़े हुए. बस के यात्री ही आपस में मदद कर लोगों को निकाल रहे थे. इसके बाद मौके पर पहुंची ने पुलिस ने रेस्क्यू ऑपरेशन चालाया. पुलिस ने इस घटना के संबंध में सुसंगत धाराओ में अभियोग पंजीकृत करते हुए चालक व परिचालक को हिरासत में लिया गया है. अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है.

वहीं, यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ग्रेटर नोएडा में हुई सड़क दुर्घटना का संज्ञान लिया. मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को घायलों के उचित इलाज की व्यवस्था करने का निर्देश दिया. मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिवारों से बात की और हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. मुख्यमंत्री ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की. इस घटना पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुःख जताते हुए, मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये मदद का ऐलान किया है. जबकि घायलों को 50-50 हजार रुपये मिलेंगे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *