उत्तर प्रदेश

96 गैस एजेंसी संचालकों के साथ DM ने की बैठक, गाजियाबाद में 35 हजार घरेलू गैस सिलेंडर रिफिल करने का स्टॉक मौजूद

गाजियाबाद: गैस एजेंसियों के बाहर उपभोक्ताओं की भारी भीड़ देखने को मिल रही है. वहीं सोशल मीडिया पर घरेलू गैस सिलेंडर की आपूर्ति को लेकर तमाम सूचनाएं प्रसारित हो रही हैं. इस बीच जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने शुक्रवार को जिले के सभी गैस एजेंसी संचालकों के साथ बैठक की और वितरण में आ रही समस्याओं के बारे में जानकारी ली. गैस एजेंसी संचालकों ने जिलाधिकारी के सामने अपनी समस्याओं को रखा.

जिला पूर्ति अधिकारी अमित तिवारी ने बताया, गाजियाबाद में कुल 96 गैस एजेंसी वर्तमान में कार्यरत है, जिनपर लगभग 12 लाख घरेलू गैस कनेक्श जारी हैं. प्रतिदिन गाजियाबाद में लगभग बीस हजार गैस सिलेंडर रिफिल कराए जाते हैं. वहीं जिले की सभी गैस एजेंसियों के पास वर्तमान में 35 हजार घरेलू गैस सिलेंडर रिफिल करने का स्टॉक मौजूद है और आपूर्ति भी जारी है. जिले में गैस सिलेंडर का स्टॉक पर्याप्त मात्रा में है. गाजियाबाद में आपूर्ति करता एजेंसियों के पास घरेलू रसोई गैस के सिलेंडरों की आपूर्ति और रिजर्व पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है.

वहीं जिले में गैस एजेंसियों के बाहर उपभोक्ताओं की भीड़ होने व उपभोक्ताओं और एजेंसी संचालकों के बीच विवाद की स्थिति भी उत्पन्न होने को लेकर उन्होंने कहा कि वर्तमान में अफवाहों के चलते उपभोक्ताओं के अधिक बुकिंग करने से सर्वर पर लोड बढ़ा है, जिससे गैस बुकिंग में समस्या आ रही है. इसे भी ठीक किया जा रहा है. घरेलू गैस सिलेंडर की बुकिंग और उसकी डिलीवरी की प्रक्रिया में परिवर्तन किया गया है. दो सिलेंडरों की बुकिंग के बीच 25 दिन का अंतराल निर्धारित किया गया है.

जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ के मुताबिक घरेलू सिलेंडर की जमाखोरी, कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए सभी एसडीएम के नेतृत्व में पुलिस एवं आपूर्ति विभाग की टीम का गठन किया गया है. अगर कोई व्यक्ति घरेलू सिलेंडर की जमाखोरी करने, अफवाह फैलाने, कालाबाजारी या अवैध भंडारण करता है तो संबंधित के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *