उत्तर प्रदेश: पेरिस में संपन्न ओलंपिक एवं पैरालंपिक गेम्स में अपनी उल्लेखनीय उपलब्धियों से देश को गौरवान्वित करने वाले खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों को अब से कुछ देर पहले सीएम योगी आदित्यनाथ ने सम्मानित किया. राजधानी लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के प्रयास अब दिखने लगे हैं. उन्होंने कहा कि ओलम्पिक में जाना ही अपने आप में बड़ी बात है. सीएम ने खिलाड़ियों से कहा कि आपने देश-प्रदेश की प्रतिष्ठा को बढ़ाया है.
सीएम योगी ने कहा कि हर ग्राम पंचायत में खेल का मैदान होगा, साथ ही हर ग्राम पंचायत में ओपन जिम बनाने का काम भी सरकार की तरफ से किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों के लिए बेहतर कोच की व्यवस्था भी की जा रही है.
पेरिस-2024 में संपन्न ओलंपिक एवं पैरालंपिक गेम्स में अपनी उल्लेखनीय उपलब्धियों से देश को गौरवान्वित करने वाले खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों के सम्मान हेतु लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में… https://t.co/xdPuEYGRkX
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) October 1, 2024
इस समारोह में कुल 14 ओलंपियंस और पैरालंपिक एथलीट्स को सम्मानित किया जाएगा, जिनमें 7 मेडलिस्ट और 7 प्रतिभागी शामिल हैं. सरकार इन खिलाड़ियों को कुल 22.70 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान करेगी, जिसे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं वितरित करेंगे. सम्मानित होने वाले प्रमुख मेडलिस्टों में प्रवीण कुमार (गोल्ड मेडलिस्ट, 6 करोड़ रुपये), सुहास एलवाई और अजीत सिंह (सिल्वर मेडलिस्ट, 4-4 करोड़ रुपये), प्रीति पाल (दोहरी कांस्य पदक विजेता, 4 करोड़ रुपये), सिमरन (कांस्य पदक विजेता, 1 करोड़ रुपये), तथा ललित उपाध्याय और राज कुमार पाल (भारतीय हॉकी टीम के कांस्य पदक विजेता, 1-1 करोड़ रुपये) शामिल हैं.
इसके अतिरिक्त, ओलंपिक और पैरालंपिक में प्रतिभाग करने वाले उत्तर प्रदेश के सात खिलाड़ियों को भी 10-10 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी. इन खिलाड़ियों में पारुल चौधरी, अनु रानी, प्रियंका गोस्वामी, प्राची चौधरी, साक्षी कसाना, दीपेश कुमार और यश कुमार शामिल हैं. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इन खिलाड़ियों की प्रेरक कहानियों को साझा करके भावी खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने का प्रयास करेंगे.

