उत्तर प्रदेश: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को बहराइच में तहसील मिहींपुरवा (मोतीपुर) के मुख्य भवन का लोकार्पण करने पहुंचे. तहसील का मुख्य और आवासीय भवन 845.19 लाख की लागत से 2,138 वर्ग मीटर में निर्मित किया गया है. इस दौरान उन्होंने अपने संबोधन में विदेशी आक्रांताओं का महिमामंडन करने वालों को देशद्रोही करार दिया.
उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया भारत की सनातन संस्कृति और परंपरा का गुणगान कर रही है, तब भारत के महापुरुषों के प्रति श्रद्धा और सम्मान का भाव हर नागरिक का दायित्व होना चाहिए. इन स्थितियों में किसी भी आक्रांता का महिमामंडन नहीं करना चाहिए. आक्रांता के महिमामंडन का मतलब देशद्रोह की नींव को पुख्ता करना है और स्वतंत्र भारत ऐसे किसी देशद्रोही को स्वीकार नहीं कर सकता है.
https://twitter.com/myogiadityanath/status/1902658210055831578?ref_src=twsrc%5Etfw%7Ctwcamp%5Etweetembed%7Ctwterm%5E1902658210055831578%7Ctwgr%5Eef11c3115ffa393f87ac71f9ec128ca537476c22%7Ctwcon%5Es1_&ref_url=https%3A%2F%2Fwww.etvbharat.com%2Fhi%2Fstate%2Fcm-yogi-inaugurated-main-building-of-tehsil-mihipurwa-in-bahraich-uttar-pradesh-news-ups25032004147
उन्होंने कहा कि जो लोग भारत के महापुरुषों को अपमानित करते हों, उन आक्रांताओं का महिमा मंडन करते हों, जिन्होंने भारत की सनातन संस्कृति को रौंदने का कार्य किया था, बेटियों की इज्जत पर हाथ डालने और हमारी आस्था पर प्रहार किया था, उसे आज का यह नया भारत स्वीकार करने को कतई तैयार नहीं है.
मिहींपुरवा तहसील में आज तक भवन नहीं था, जबकि एक सामान्य नागरिक के लिए सबसे ज्यादा कार्य तहसील से ही पड़ता है. भूमि संबंधी रिकॉर्ड हो, पैमाइश हो, वरासत की कार्यवाही हो, नामांतरण हो, बंटवारे का कार्य हो या फिर लैंड उसी से जुड़ी हुई इन सभी मामलों के निस्तारण का केंद्र तो तहसील है. जब तहसील का अपना भवन ही नहीं होगा तो एक सामान्य राजस्व से जुड़े मामलों में क्या न्याय मिल पाएगा.

सीएम योगी ने कहा कि अब किसी गरीब का हक नहीं मारा जा सकता, इसके लिए सेटेलाइट के माध्यम से हम ऐसी व्यवस्था करेंगे कि 1 इंच भी लैंड किसी गरीब की मारी नहीं जाएगी. उन्होंने कहा कि यहां तहसील पर जिन अधिकारियों की तैनाती होगी वह बहराइच में रहें ऐसा नहीं हो सकता, उनके लिए आवास भी यही बनेगा. वह यहीं पर कैंपस में रहकर समस्या का समाधान करेंगे.
उन्होंने कहा कि हमने पहले ही कह रखा है कि जहां तहसील है, ब्लॉक है, थाना है, सर्किल है, वहां के अधिकारी वहीं पर रहेंगे. रात्रि निवास भी वहीं पर करें, क्योंकि बहानेबाजी नहीं चल सकती. जब उन्हें यह आवासीय सुविधा मिलेगी तो लोगों को समय से न्याय मिल सकेगा.

सीएम योगी ने कहा कि सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है. उन्होंने युवाओं को आगाह किया कि अगर कोई लोन दिलाने के नाम पर पैसे मांगता है, तो उसकी शिकायत करें. सरकार सिंगल विंडो सिस्टम और निवेश सारथी के जरिए मदद करेगी. योगी ने चेतावनी दी कि भ्रष्टाचार करने वालों पर ऐसी कार्रवाई होगी कि वे नजीर बन जाएंगे और भविष्य में सरकारी सेवा में जगह नहीं पा सकेंगे. उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार घुन की तरह व्यवस्था को खोखला करता है, इसे जड़ से खत्म करने के लिए समाज को सरकार के साथ मिलकर लड़ना होगा. यह युवाओं और आने वाली पीढ़ी के विकास के लिए जरूरी है.

