उत्तर प्रदेश

बुलंदशहर पहुंचे सीएम योगी आदित्यनाथ, पूर्व मंत्री और दिवंगत विधायक अनिल शर्मा को दी श्रद्धांजलि

उत्तर प्रदेश: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार दोपहर बाद शिकारपुर पहुंचे और दिवंगत विधायक व पूर्व राज्यमंत्री अनिल शर्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की. मुख्यमंत्री शिकारपुर स्थित गांव रानऊ के अवंतिका फार्म हाउस में हुई शोक सभा में सम्मिलित हुए. फार्म हाउस पहुंचते ही मुख्यमंत्री ने सबसे पहले दिवंगत विधायक अनिल शर्मा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया. इसके बाद उन्होंने उनके पुत्र और शोकाकुल परिजनों से व्यक्तिगत रूप से मिलकर ढांढस बंधाया और सांत्वना दी.

मूल रूप से जिले के ग्राम सूरजावली निवासी 63 वर्षीय अनिल शर्मा लंबे समय से कैंसर से पीड़ित थे. उनका उपचार दिल्ली के बीएलके मैक्स अस्पताल में चल रहा था, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली. अनिल शर्मा खुर्जा और शिकारपुर विधानसभा क्षेत्रों से कुल चार बार विधायक चुने गए थे तथा पूर्व में प्रदेश सरकार में वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री का दायित्व भी संभाल चुके थे. उनके निधन के समय भी मुख्यमंत्री ने उनके पुत्र से फोन पर बात कर शोक व्यक्त किया था.

Photo Credit: ETV Bharat

मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर फार्म हाउस के निकट ही अस्थायी हेलीपैड बनाया गया था. सुरक्षा के मद्देनजर पूरे क्षेत्र में भारी पुलिस बल की तैनाती रही. एडीजी, डीआईजी, मेरठ मंडल के आयुक्त, जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहित जिले के शीर्ष अधिकारियों ने मौके पर सुरक्षा व व्यवस्था की कमान संभाली.

शोक सभा में जिले के तमाम जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे और दिवंगत नेता को अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की. मुख्यमंत्री ने शोकाकुल परिवार के बीच कुछ समय बिताया और उन्हें इस कठिन समय में संबल दिया. परिजनों से भेंट के उपरांत मुख्यमंत्री वापस लखनऊ के लिए रवाना हो गए.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *