मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर दौरे पर पुंगनूर गाय के साथ बिताये कुछ पल - TV News Today
उत्तर प्रदेश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर दौरे पर पुंगनूर गाय के साथ बिताये कुछ पल

उत्तर प्रदेश: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर दौरे पर हैं. इस दौरान उन्होंने गोरखनाथ मंदिर में मौजूद पुंगनूर गाय को खूब दुलारा. बता दें कि देश में अति दुर्लभ नस्ल में सम्मिलित आंध्र प्रदेश की पुंगनूर गाय को गोरखनाथ मंदिर की गौशाला में भी लाया गया है. लोगों का ध्यान आकर्षित करने वाली पुंगनूर नस्ल के गौवंश, एक जोड़ी (बछिया और बछड़ा) के मंदिर की गोशाला में आने पर गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ ने इन्हें खूब दुलारा और अपने हाथों से उन्हें गुड़ खिलाया.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर में गुरु गोरखनाथ का दर्शन-पूजन किया. उन्होंने अपने गुरु ब्रह्मलीन महंत अवैद्यनाथ की समाधि स्थल पर जाकर मत्था टेका. सीएम योगी जब भी गोरखनाथ मंदिर में होते हैं तो गोसेवा उनकी दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा रहती है. शुक्रवार का दिन भी उनके लिए गौसेवा के दृष्टिकोण से विशेष था.

गोरखनाथ मंदिर की गौशाला में आंध्र प्रदेश के पुंगनूर नस्ल की देसी गोवंश की एक नन्ही जोड़ी (बछिया-बछड़ा) लाई गई है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुंगनूर नस्ल की इस जोड़ी को खूब दुलारा. साथ ही दोनों के माथे पर हाथ फेरते हुए, गर्दन सहलाते हुए उन्होंने यह कहकर स्नेह दिया, ‘अरे रे रे, तुम्हें माई की याद आ रही है न!’ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कुछ देर तक उन्हें भावुक होकर दुलारते रहे और फिर अपने हाथों से उन्हें गुड़ खिलाया.

सीएम योगी ने मंदिर की गौशाला में अन्य गौवंश के साथ भी समय बिताया. गोशाला में सीएम योगी ने चारों तरफ भ्रमण करते हुए श्यामा, गौरी, गंगा, भोला आदि नामों से गौवंश को पुकारा. उनकी आवाज इन गोवंश के लिए जानी पहचानी है. प्यार भरी पुकार सुनते ही कई गोवंश दौड़ते हुए उनके पास आ गए. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी के माथे पर हाथ फेरा, उन्हें खूब दुलारा और अपने हाथों से उन्हें गुड़ खिलाया. मुख्यमंत्री ने गोशाला के कार्यकर्ताओं से सभी गोवंश के स्वास्थ्य और पोषण की जानकारी ली और देखभाल के लिए जरूरी निर्देश दिए.

 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गोरखनाथ मंदिर में लगने वाले जनता दरबार में फरियादियों की संख्या लगातार बढ़ रही है. शुक्रवार को करीब 300 लोग अपनी फरियाद लेकर पहुंचे. सीएम ने अधिकारियों को हिदायत दी कि किसी की जमीन पर अवैध कब्जा करने वाले भूमाफिया और कमजोरों को परेशान करने वाले किसी भी दशा में बख्शे न जाएं. जनता दर्शन के दौरान सुबह गोरखनाथ मंदिर परिसर में महंत दिग्विजयनाथ स्मृति सभागार के बाहर कुर्सियों पर बैठाए गए लोगों तक मुख्यमंत्री खुद पहुंचे.

कुछ महिलाएं जमीन से जुड़े विवादों में प्रार्थना पत्र लेकर पहुंची थीं. कुछ की शिकायत थी कि दबंग उनकी जमीनों पर कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं. इन शिकायतों पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिए. जनता दर्शन में गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक मदद की गुहार लेकर भी लोग पहुंचे थे. सीएम योगी ने उन्हें भरोसा दिया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *