दिल्‍ली-एनसीआर

ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद खुले विद्यालय, पुष्पवर्षा कर विद्यार्थियों का किया गया भव्य स्वागत

दिल्ली: ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद बुधवार को नए शैक्षणिक सत्र के प्रथम दिन डीएवी सीनियर सेकेंडरी स्कूल नंबर-1, गांधीनगर में विद्यार्थियों का गर्मजोशी और उत्साह के साथ स्वागत किया गया. विद्यालय परिसर में सुबह से ही उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला. विद्यालय प्रशासन और शिक्षकों ने विद्यार्थियों पर पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया तथा नए सत्र की शुभकामनाएं दीं.

विद्यालय प्रमुख लखीराम के नेतृत्व में आयोजित स्वागत कार्यक्रम में आचार्य सतीश शर्मा, राकेश सहरावत, दिनेश चंद शर्मा, रमेश, उर्वशी तोमर, तनुजा कसाना, गजराज, बलविंदर कौर, आलोक, प्रियंका, रेणु जोशी, नेहा गुप्ता, राकेश शास्त्री, हिमांशु देसवाल सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने विद्यार्थियों का फूलों की वर्षा के साथ आत्मीय स्वागत किया, जिससे बच्चों के चेहरों पर खुशी और उत्साह साफ दिखाई दिया.

इसके बाद विद्यालय के प्रार्थना स्थल पर आयोजित सभा में विद्यालय प्रमुख लखीराम ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए अनुशासन, नियमित अध्ययन, समय का सदुपयोग, नैतिक मूल्यों और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को नए शैक्षणिक सत्र में लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत और लगन से पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया.

विद्यालय प्रशासन ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि नया शैक्षणिक सत्र सभी छात्रों के लिए नई उपलब्धियों और सफलताओं का मार्ग प्रशस्त करेगा. नए सत्र के पहले दिन विद्यालय में विद्यार्थियों और शिक्षकों के बीच उत्साह, आत्मीयता और सकारात्मक ऊर्जा का वातावरण देखने को मिला.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *