दिल्‍ली-एनसीआर

NEET री-एग्जाम से पहले देशभर में मॉकड्रिल का आयोजन, दिल्ली में दिखी कड़ी सुरक्षा

दिल्ली: NEET-UG की री-एग्जाम परीक्षा 21 जून को होने जा रही है. परीक्षा को सुरक्षित, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से आयोजित करने के लिए नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने ठीक एक दिन पहले 20 जून को देशभर में मेगा मॉक ड्रिल का आयोजन किया. इस मॉक ड्रिल के जरिए एनटीए परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था, प्रश्नपत्रों की सुरक्षित ढुलाई और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप से परखा जा रहा है साथ ही परीक्षा केंद्रों पर कूलिंग जोन भी बनाए जा रहे हैं.

देशभर में यह फुल रिहर्सल मॉकड्रिल सुबह 9 बजे से शाम 8 बजे तक की जाएगी. 11 घंटे तक चलने वाली इस सुरक्षा जांच में देश के 551 और विदेश के 14 शहरों में 5,500 से अधिक परीक्षा केंद्रों को शामिल किया गया है. इस सभी को हाई-सिक्योरिटी जोन में तब्दील किया गया है.

नीट-यूजी की पुन: परीक्षा 21 जून को दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक ऑफलाइन (पेन-एंड-पेपर) मोड में आयोजित की जाएगी. राजधानी के कुल 97 परीक्षा केंद्र हैं जिन सभी पर आज मॉकड्रिल का आयोजन किया गया. पश्चिमी दिल्ली के नारायणा स्थित श्री पीएम केंद्रीय विद्यालय में आज सुबह 11 बजे से मॉकड्रिल शुरू हुई.

सुरक्षा कारणों को ध्यान में रखते हुए किसी को भी स्कूल के अंदर जाने की अनुमति नहीं दी गई. नाम ना बताने की शर्त पर स्कूल प्रशासन के एक सदस्य ने बताया कि स्कूल में मॉकड्रिल की तैयारियां चल रही हैं, वहीं कूलिंग जोन के लिए भी कई सामान स्कूल परिसर के अंदर उपलब्ध है.

परीक्षा में किसी भी तरह की गड़बड़ी को रोकने के लिए NTA, पुलिस और केंद्रीय एजेंसियों द्वारा मल्टी-लेयर सिक्योरिटी (Multi-layer security) पर काम किया जा रहा है. इसके तहत 2 लाख से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं और परीक्षा केंद्रों के सीसीटीवी कैमरों का सीधा एक्सेस NTA के पास रहेगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *