दिल्‍ली-एनसीआर

ग्रेटर नोएडा: STP टैंक में दम घुटने से 2 लोगों की मौत, ठेकेदार गिरफ्तार

नोएडा: नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र अंतर्गत सेक्टर-150 स्थित एल्डिको सोसाइटी में वाटर टैंक की सफाई के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया. टैंक के भीतर जमा जहरीली गैस के कारण दम घुटने से एक सफाई कर्मचारी और उसकी जान बचाने गए सिक्योरिटी गार्ड, दोनों की मौके पर मौत हो गई. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर शवों को बाहर निकाला है.

पुलिस के अनुसार, यह घटना शनिवार और रविवार की दरमियानी रात को एल्डिको सोसाइटी के भीतर बने सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट परिसर में हुई. यहाँ टैंक की सफाई का काम चल रहा था. सोसाइटी प्रबंधन की सूचना पर नॉलेज पार्क थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची. टैंक से दोनों को निकालकर पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

डीसीपी ग्रेटर नोएडा रवि शंकर निम ने बताया कि घटना कि सभी पहलुओं को ध्यान मे रखते हुए जांच की जा रही है. फिलहाल मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने लापरवाही बरतने के आरोप में ठेकेदार मनोज जैन को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.

बता दें कि इस हादसे ने एक बार फिर ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में सुरक्षा मानकों और प्रशासनिक लापरवाही की पोल खोल दी है. स्थानीय निवासियों में इस बात को लेकर भारी आक्रोश है कि हाई-राइज सोसायटियों में मैन्युअल सफाई के कड़े नियमों के बावजूद सुरक्षा उपकरणों के बिना कर्मचारियों को मौत के कुएं में धकेला जा रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *