दिल्ली: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली सचिवालय से एक पेड़ मां के नाम अभियान के अंतर्गत दिल्ली में 70 लाख पौधे लगाने के लक्ष्य को आगे बढ़ाते हुए ग्रीन ड्राइव पोर्टल का शुभारंभ किया. greendrive.delhivanmahotsav.in पर जाकर कोई भी मेगा प्लांटेशन ड्राइव के लिए स्लॉट बुक कर सकते हैं. इसी पोर्टल पर Environmental Saviour के रूप में आप अपना रजिस्ट्रेशन भी करा सकते हैं और अपनी नजदीकी सरकारी नर्सरी से निःशुल्क पौधे भी बुक किए जा सकते हैं. इस मौके पर उन्होंने दिल्लीवासियों से अपील की है कि सभी लोग इस जनभागीदारी अभियान से जुड़ें और हरित, स्वच्छ एवं स्वस्थ दिल्ली के निर्माण में अपना योगदान दें.
इस अवसर पर ‘दिल्ली ग्रीन वॉरियर्स’ भी बड़ी संख्या में कार्यक्रम में सम्मिलित हुए. पर्यावरण संरक्षण के प्रति समर्पित इन स्वयंसेवकों ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने तथा अधिक से अधिक नागरिकों को पौधारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने का संकल्प लिया.
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पोर्टल केवल एक डिजिटल प्लेटफॉर्म नहीं, बल्कि जनभागीदारी का सशक्त माध्यम है. अब कोई भी नागरिक घर बैठे अपने मोबाइल या कंप्यूटर के जरिए सीधे इस अभियान से जुड़ सकता है. पोर्टल पर चार निःशुल्क सेवाएं उपलब्ध कराई गई हैं.पौधारोपण स्लॉट बुकिंग नागरिक अपनी सुविधानुसार स्थान और समय का चयन कर वृक्षारोपण के लिए ऑनलाइन स्लॉट बुक कर सकते हैं.
यदि किसी नागरिक, विद्यालय, कार्यालय, आरडब्ल्यूए (आरडब्ल्यूए) या आवासीय सोसायटी के पास पौधारोपण के लिए पर्याप्त स्थान है, तो दिल्ली सरकार निःशुल्क पौधे सीधे उनके परिसर तक पहुंचाएगी. ‘नर्सरी लोकेटर’ फीचर की मदद से नागरिक अपने निकटतम सरकारी नर्सरी की सटीक लोकेशन जानकर वहां से सीधे निःशुल्क पौधे प्राप्त कर सकते हैं. प्रत्येक दिल्लीवासी दिल्ली सरकार के पर्यावरण अभियानों से सीधे जुड़कर एक जिम्मेदार ‘ग्रीन वॉरियर’ के रूप में अपना स्थायी योगदान दे सकेगा.
रिज वन पुनरुद्धार कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन जुलाई माह में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के कर-कमलों द्वारा किया जाएगा. इस अवसर पर गृह मंत्री उत्तर से दक्षिण तक रिज क्षेत्र के विभिन्न स्थलों पर पौधारोपण करेंगे. अभियान के तहत पूरी दिल्ली में 70 लाख पौधे लगाए जाएंगे, जिससे राजधानी के हरित क्षेत्र का अभूतपूर्व विस्तार होगा. इससे स्वच्छ पर्यावरण को गति देने के साथ-साथ, इसी कार्यक्रम में 300 नई इलेक्ट्रिक बसों और नए अंतरराज्यीय मार्गों की बसों को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा. रिज क्षेत्र की जैव विविधता, कार्बन अवशोषण क्षमता और मिट्टी संरक्षण को मजबूत करने के लिए त्रिस्तरीय वन संरचना विकसित की जाएगी. इसके तहत दिल्ली की मूल एवं दीर्घायु प्रजातियों जैसे पीपल, बरगद, गूलर, नीम, अर्जुन और जामुन का रोपण किया जाएगा.
ग्रीन ड्राइव पोर्टल के माध्यम से दिल्ली की सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों को शामिल करते हुए वृक्षारोपण स्थलों का वर्गीकरण किया गया है. इस पोर्टल पर नागरिक अपनी सुविधा अनुसार वृक्षारोपण के लिए स्लॉट बुक कर सकते हैं, ‘वृक्ष रथ’ के माध्यम से निःशुल्क पौधों का अनुरोध कर सकते हैं. निकटतम सरकारी नर्सरी की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं तथा ‘पर्यावरण प्रहरी’ के रूप में पंजीकरण कर पर्यावरण संरक्षण अभियान से जुड़ सकते हैं.
हमारा प्रयास है कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत प्रत्येक दिल्लीवासी एक पौधा अवश्य लगाए तथा उसकी नियमित देखभाल कर इसे एक स्थायी जनभागीदारी अभियान का स्वरूप प्रदान करे. ग्रीन ड्राइव पोर्टल स्वयंसेवकों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों (आरडब्ल्यूए), औद्योगिक संस्थानों एवं नागरिक समाज संगठनों को वर्षभर चलने वाले पर्यावरण संरक्षण अभियान से जोड़ेगा. वृक्षारोपण अभियान केवल चिन्हित स्थलों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि घरों, शैक्षणिक एवं अन्य संस्थानों तथा रूफटॉप गार्डन के माध्यम से प्रत्येक उपलब्ध स्थान को हरित आवरण बढ़ाने के लिए उपयोग में लाया जाएगा. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के दूरदर्शी नेतृत्व में दिल्ली सरकार प्रदूषण नियंत्रण के लिए समग्र रणनीति पर कार्य कर रही है.
यमुना नदी के पुनर्जीवन हेतु आधुनिक सीवेज शोधन अवसंरचना का विकास तथा शोधित अपशिष्ट जल के पुनः उपयोग जैसे प्रभावी कदमों के माध्यम से सरकार स्वच्छ, हरित एवं स्वस्थ दिल्ली के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि आने वाली पीढ़ियों को बेहतर एवं टिकाऊ पर्यावरण उपलब्ध कराया जा सके.

