दिल्‍ली-एनसीआर

नोएडा स्थित घर में मिला लोकसभा सचिवालय के निदेशक का शव, मचा हड़कंप

नोएडा: फेस-2 थाना क्षेत्र स्थित केंद्रीय विहार-2 में लोकसभा सचिवालय के संयुक्त निदेशक गौरव गौतम ने फांसी का फंदा लगाकर अपनी जान दे दी. मौके से 10 पन्नों का नोट मिलने की बात कही जा रही है, जिसमें करीब 70 लाख रुपये के कर्ज, आर्थिक तंगी और मानसिक तनाव का जिक्र बताया गया है. पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है.

लोक सभा सचिवालय में तैनात 40 वर्षीय निदेशक गौरव गौतम ने सेक्टर 82 स्थित ‘केंद्रीय विहार-II’ सोसायटी के अपने फ्लैट में कथित तौर पर फांसी लगा ली. पुलिस को मौके से उनका लिखा नोट मिला है, जिसमें लोन का उल्लेख किया गया है. रविवार को जब पत्नी मायके से वापस लौटीं, तो फ्लैट अंदर से बंद मिला. गार्ड की मदद से अंदर प्रवेश करने पर गौरव पंखे से लटके हुए पाए गए. उन्हें फौरन निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.

एडिसीपी सेन्ट्रल नोएडा स्वतंत्र सिंह ने मिडिया सेल के माध्यम से जानकारी देते हुए बताया कि थाना फेस-2 पर अस्पताल से प्राप्त मेमो के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि थाना क्षेत्रांतर्गत गौरव गौतम पुत्र पदम सिंह निवासी केंद्रीय विहार-II, गौतमबुद्धनगर, उम्र लगभग 40 वर्ष का शरीर अपने घर में लगे पंखे से फांसी का फंदा से लटका मिला.जिन्हें उपचार हेतु अस्पताल ले जाया गया.जहां चिकित्सकों द्वारा उन्हें मृत घोषित कर दिया गया.

एडिसीपी ने बताया कि प्राप्त मेमो के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची. फील्ड यूनिट/ फोरेंसिक टीम द्वारा घटना स्थल का निरीक्षण किया गया है. मृतक के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्यवाही की जा चुकी है. अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *