दिल्ली: प्रदूषण मुक्त और हरा-भरा बनाने की दिशा में मंगलवार को एक अहम शुरुआत हुई. दिल्ली के सेंट्रल रिज और नानकपुरा स्थित रिज क्षेत्र में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने संयुक्त रूप से वृक्षारोपण कर ‘रिज फॉरेस्ट रेस्टोरेशन प्रोग्राम’ का विधिवत शुभारंभ किया. इस अवसर पर केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव और दिल्ली सरकार के अन्य कैबिनेट मंत्री भी विशेष रूप से उपस्थित रहे.
इस मेगा वृक्षारोपण अभियान का मुख्य लक्ष्य दिल्ली में 70 लाख नए पौधे लगाना है. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि दिल्ली की पारिस्थितिकी तंत्र को पुनर्जीवित करने के लिए यह अभियान एक मील का पत्थर साबित होगा. उन्होंने बल देकर कहा कि पर्यावरण संरक्षण अब केवल सरकारी योजना नहीं, बल्कि जनभागीदारी का एक व्यापक आंदोलन बन चुका है. गृह मंत्री ने नागरिकों से आह्वान किया कि वे न केवल पौधे लगाएं, बल्कि उनके संरक्षण की जिम्मेदारी भी उठाएं.
‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत दिल्ली में 70 लाख पौधारोपण के मिशन के शुभारंभ कार्यक्रम से लाइव… https://t.co/pR9nmjR2V0
— Amit Shah (@AmitShah) July 7, 2026
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने हाल ही में लॉन्च किए गए ‘ग्रीन ड्राइव पोर्टल’ का उल्लेख करते हुए बताया कि राजधानी को स्वच्छ और हरा-भरा बनाने के लिए तकनीक का सहारा लिया जा रहा है. उन्होंने कहा, “हमारा लक्ष्य सिर्फ 70 लाख पौधे लगाना नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक को ‘पर्यावरण रक्षक’ के रूप में जोड़ना है.” मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि दिल्ली सरकार के ‘वृक्ष रथ’ के माध्यम से अब आम जनता, आरडब्ल्यूए और शिक्षण संस्थानों को घर बैठे निःशुल्क पौधे उपलब्ध कराए जा रहे हैं. कुल बजट का 22 फीसद हिस्सा ग्रीन बजट पर खर्च करने का फैसला लिया है. मुख्यमंत्री ने गृहमंत्री द्वारा ऑक्सीजन पार्क की परिकल्पना को साकार करने की जानकारी दी.
— Rekha Gupta (@gupta_rekha) July 7, 2026
वहीं केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने बताया कि रिज का संरक्षण दिल्ली के भविष्य के लिए अत्यंत आवश्यक है. इस कार्यक्रम के तहत त्रि-स्तरीय वन संरचना विकसित की जा रही है, जिससे दिल्ली की जैव-विविधता और कार्बन सोखने की क्षमता में वृद्धि होगी. कार्यक्रम में पीपल, बरगद, नीम, अर्जुन और जामुन जैसे देशी और दीर्घकालिक वृक्षों को प्राथमिकता दी जा रही है. साथ ही, दिल्ली के विभिन्न कोनों में 100 ऑक्सीजन पार्क विकसित करने की योजना पर भी तेजी से काम चल रहा है.
300 नई इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी
दिल्ली में आधुनिक परिवहन और हरित ऊर्जा का समन्वय वृक्षारोपण के साथ-साथ दिल्ली की परिवहन व्यवस्था को भी हरित बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया. इस अवसर पर शहर में 300 नई इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया. यह पहल न केवल सार्वजनिक परिवहन को सुगम बनाएगी, बल्कि दिल्ली के वायु प्रदूषण को कम करने में भी सहायक सिद्ध होगी. यह अभियान दिल्ली के 70 विधानसभा क्षेत्रों में चलाया जाएगा, जिसमें हर वार्ड और हर मोहल्ले की सक्रिय भूमिका सुनिश्चित की जाएगी. कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने सभी उपस्थित लोगों और ‘दिल्ली ग्रीन वॉरियर्स’ के प्रति आभार व्यक्त किया, जिनके प्रयासों से राजधानी एक स्वच्छ भविष्य की ओर अग्रसर है.

