दिल्‍ली-एनसीआर

चुनाव प्रचार थमने के बाद कन्याकुमारी जाएंगे पीएम मोदी, विवेकानंद रॉक मेमोरियल में लगाएंगे ध्यान

दिल्‍ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 30 मई से 1 जून तक तमिलनाडु के कन्याकुमारी में प्रसिद्ध विवेकानंद रॉक मेमोरियल का दौरा करेंगे. इस दौरान पीएम मोदी लोकसभा चुनाव अभियान के समापन पर ध्यान करेंगे. प्रधानमंत्री रॉक मेमोरियल में 30 मई की शाम से 1 जून की शाम तक ध्यान मंडपम में उसी स्थान पर दिन-रात ध्यान करेंगे जहां स्वामी विवेकानंद ने ध्यान किया था.

कन्याकुमारी में महासागर के बीच उभरी इस विशाल चट्टान पर आसीन होकर ध्यान लगाएंगे. वो भी उसी शिला पर जहां स्वामी विवेकानंद ने ध्यान लगाया था. ऐसा नहीं है कि पीएम मोदी चुनाव अभियान के बाद पहली बार ध्यान लगाने के लिए जा रहे हैं. 2014 में वो शिवाजी के प्रतापगढ़ और 2019 में उत्तराखंड में स्थित केदारनाथ गुफा पहुंचे थे. पीएम मोदी देश में अब तक जहां-जहां दौरे पर पहुंचे, वहां पर्यटन को जबरदस्त रफ्तार मिली है. पर्यटकों की संख्या में भी तेजी से इजाफा हुआ है.

बता दें कन्याकुमारी वह स्थान है जहां स्वामी विवेकानंद को भारत माता का विजन दिखा था. इस शिला का स्वामी विवेकानन्द के जीवन पर बड़ा प्रभाव पड़ा. लोगों का मानना है कि जैसे सारनाथ गौतम बुद्ध के जीवन में एक विशेष स्थान रखता है, वैसे ही यह शिला स्वामी विवेकानन्द के जीवन में भी वैसा ही स्थान रखती है. यहीं पर वे देश भर में घूमने के बाद पहुंचे और 3 दिनों तक तपस्या की और एक विकसित भारत का सपना देखा.

पौराणिक कथाओं के अनुसार, देवी पार्वती भी भगवान शिव की प्रतीक्षा करते समय उसी स्थान पर एक पैर पर ध्यान करती थीं. यह भारत का सबसे दक्षिणी छोर है. इसके अलावा, यह वह स्थान है जहां भारत की पूर्वी और पश्चिमी तट रेखाएं मिलती हैं। यह हिंद महासागर, बंगाल की खाड़ी और अरब सागर का मिलन बिंदु भी है. पीएम मोदी कन्याकुमारी जाकर राष्ट्रीय एकता का संकेत दे रहे हैं. प्रधानमंत्री मोदी को चुनाव अभियानों के अंत में आध्यात्मिक यात्राएं करने के लिए जाना जाता है. इसके अनुरूप, वह 30 मई को कन्याकुमारी पहुंचेंगे और 1 जून तक वहां रहेंगे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *