दिल्‍ली-एनसीआर

ग्रेटर नोएडा की पंचशील सोसायटी में हादसा, कार सवार महिला ने 3 बच्चों को रौंदा, पुलिस जांच में जुटी

ग्रेटर नोएडा: पंचशील ग्रीन-2 सोसायटी के बाहर बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. कार चलाना सीख रही एक महिला वाहन पर नियंत्रण खो बैठी और स्कूल जाने के लिए तैयार बच्चों पर गाड़ी चढ़ा दी. मौके पर चीख-पुकार मच गई। आनन-फानन सभी घायल बच्चों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया. हादसे में महिला कार चालक के सिर में भी चोट आई है.

सोसायटी में रहने वाले लोगों के मुताबिक, महिला ने गाड़ी चलाते समय गलती से ब्रेक की जगह एक्सीलेटर दबा दिया, जिससे कार अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे स्कूल बस का इंतजार कर रहे बच्चों की ओर बढ़ गई. इस घटना में पांच स्कूली बच्चे घायल हो गए. हादसे के तुरंत बाद जगह पर अफरा-तफरी मच गई और लोग चीख-पुकार करने लगे.

Image

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सोसाइटी के एग्जिट गेट के पास ढलान है. फोन पर बात करने के कारण महिला ने एक्सीलेटर पर पैर रख‌ दिया. इस वजह से सर्विस लेन में खड़े स्कूटी में जोरदार टक्कर लगा जिसके कारण कार की रफ्तार धीमी हो गई अन्यथा आज कई लोगों और बच्चों की जान चली गई होती.

बताया जा रहा है कि महिला भी अपने बच्चों को स्कूल छोड़ने के लिए कार लेकर निकली थी. वह अभी कार चलाना सीख रही थी. सोसायटी के गेट से निकलते वक्त कार का संतुलन बिगड़ा और वह ब्रेक की जगह गलती से एक्सीलेटर दबा बैठी. गाड़ी तेज होकर पहले सड़क के किनारे खड़ी एक स्कूटी से जा टकराई. टक्कर के बावजूद कार रुकी नहीं और आगे बढ़ते हुए स्कूल बस का इंतजार कर रहे पांच बच्चों को कुचलते हुए आगे बढ़ गई.

हादसे के बाद वहां मौजूद लोगों ने फौरन पहुंच कर बच्चों को कार के नीचे और आसपास से बाहर निकाला. सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस भी मौके पर पहुँचे और सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया. डॉक्टरों के मुताबिक, बच्चों को हल्की-फुल्की चोटें आईं थीं. प्राथमिक उपचार करके उन्हें छुट्टी दे दी गई.

सोसायटी के लोगों का आरोप है कि दुर्घटना के बाद महिला कार लेकर मौके से चली गई. गुस्साए अभिभावकों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए और कहा कि सुबह के समय यहां बड़ी संख्या में बच्चे स्कूल बस का इंतजार करते हैं, मगर उचित सुरक्षा व्यवस्था न होने के कारण हमेशा हादसे का खतरा बना रहता है. निवासियों का यह भी दावा है कि घटना के वक्त महिला मोबाइल पर व्यस्त थी.

हालांकि, पुलिस की तरफ से अभी तक इस बात की आधिकारिक पुष्टि या कोई बयान सामने नही आया है. घटना की खबर मिलते ही इलाके की पुलिस तुरंत घटना स्थल पर पहुंची और जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी. पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगालनी शुरू कर दी हैं ताकि दुर्घटना के असली कारणों का पता लगाया जा सके.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *