दिल्‍ली-एनसीआर

दिल्ली के रोहिणी में लगातार बारिश के बीच ढही 5 मंजिला इमारत, कई लोगों के दबे होने की आशंका, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली में पिछले दो दिनों से लगातार हो रही बारिश के बीच बुधवार शाम रोहिणी सेक्टर-16 इलाके में एक बड़ा हादसा हो गया. यहां एक निर्माणाधीन पांच मंजिला इमारत अचानक भरभराकर गिर गई. इस हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. आशंका जताई जा रही है कि मलबे के नीचे कई लोग दबे हैं. घटना में आसपास खड़ी कई गाड़ियां भी इमारत के मलबे की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गई है.

दिल्ली फायर सर्विस के चीफ फायर ऑफिसर एके मालिक के अनुसार, यह हादसा रोहिणी सेक्टर-16 में एमसीडी स्कूल के पास, मकान संख्या 16 जी-5 के सामने हुआ है. हादसे की सूचना दिल्ली फायर सर्विस को शाम 4 बजकर 19 मिनट पर मिली. सूचना मिलते ही दमकल विभाग ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया. शुरुआती चरण में एक वाटर टेंडर, दो वाटर बाउजर, एक मल्टीपर्पज वाहन और एक आईआरटी को मौके पर रवाना किया गया. राहत कार्य का नेतृत्व एडीओ पारस और एसटीओ विशाल कर रहे हैं.

हादसे की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस, नगर निगम, दिल्ली स्टेट डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी और अन्य संबंधित एजेंसियों की टीमें भी मौके पर पहुंच गईं. सभी एजेंसियां संयुक्त रूप से मलबा हटाने व संभावित रूप से दबे लोगों को सुरक्षित निकालने के अभियान में जुटी हुई हैं. बचाव कार्य के दौरान भारी मशीनों के साथ-साथ मैन्युअल तरीके से भी मलबा हटाया जा रहा है, जिससे यदि कोई व्यक्ति मलबे में फंसा हो तो उसे सुरक्षित बाहर निकाला जा सके. इस राहत और बचाव के कार्य में स्थानीय लोग भी मदद कर रहे हैं.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इमारत गिरते ही तेज धमाके जैसी आवाज हुई, जिसके बाद आसपास मौजूद लोग घबराकर बाहर निकल आए. कुछ ही क्षणों में पूरी इमारत मलबे में तब्दील हो गई. हादसे के कारण आसपास के क्षेत्र में यातायात भी प्रभावित हुआ, जिसके चलते पुलिस ने एहतियात के तौर पर इलाके की घेराबंदी कर दी है. फिलहाल राहत व बचाव अभियान जारी है. अभी तक किसी के हताहत होने या घायल होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.

प्रशासन का कहना है कि मलबे की पूरी तरह तलाशी लेने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि कितने लोग इसकी चपेट में आए हैं. इमारत गिरने के कारणों की भी जांच की जाएगी. बता दें कि लगातार हो रही बारिश के मद्देनजर प्रशासन निर्माणाधीन व जर्जर इमारतों को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरतने की अपील कर रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *