दिल्ली BJP की नई कोर कमेटी घोषित: CM रेखा गुप्ता और प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा समेत 12 दिग्गजों को मिली जगह - TV News Today
दिल्‍ली-एनसीआर

दिल्ली BJP की नई कोर कमेटी घोषित: CM रेखा गुप्ता और प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा समेत 12 दिग्गजों को मिली जगह

दिल्ली: राजधानी दिल्ली में संगठन और सरकार के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने और आगामी राजनीतिक रणनीतियों को धार देने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपनी नई प्रदेश कोर कमेटी का ऐलान कर दिया है. भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के निर्देशानुसार, दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने शनिवार को 12 सदस्यीय मुख्य कोर कमेटी और तीन विशेष आमंत्रित सदस्यों की आधिकारिक सूची जारी की.

इस नई कोर कमेटी में सरकार और संगठन के शीर्ष चेहरों को शामिल कर अनुभव व युवा जोश का संतुलन साधने का प्रयास किया गया है. सूची में प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा को पहले स्थान पर रखा गया है, जबकि दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को दूसरे स्थान पर जगह मिली है. इसके साथ ही संगठन के शिल्पकार माने जाने वाले प्रदेश महामंत्री (संगठन) पवन राणा भी इस महत्वपूर्ण निर्णय लेने वाली इकाई का हिस्सा हैं.

प्रदेश भाजपा की इस शीर्ष नीति निर्धारक समिति में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, सांसदों और दिल्ली सरकार के प्रमुख मंत्रियों को शामिल किया गया है. पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. हर्षवर्धन को चौथे स्थान पर रखा गया है. वहीं, पंजाब के प्रदेश सह-प्रभारी और दिल्ली के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा तथा भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री जयप्रकाश को भी कोर कमेटी में स्थान मिला है.

दिल्ली सरकार का प्रतिनिधित्व करते हुए कैबिनेट मंत्री प्रवेश साहिब सिंह वर्मा और आशीष सूद को कोर ग्रुप में शामिल किया गया है. इसके अतिरिक्त, लोकसभा सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी और मनोज तिवारी को भी समिति में जगह दी गई है, जिससे संसदीय क्षेत्र और प्रदेश संगठन के बीच सीधा संवाद बना रहे. विधायकों की श्रेणी से वरिष्ठ नेता सतीश उपाध्याय और अरविंदर सिंह लवली को कोर कमेटी का सदस्य बनाया गया है.

मुख्य 12 सदस्यों के अलावा, केंद्रीय नेतृत्व और प्रदेश इकाई के बीच सेतु का काम करने वाले तीन प्रमुख पदाधिकारियों को कोर कमेटी में विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में शामिल किया गया है. इनमें दिल्ली प्रदेश प्रभारी डॉ. विनय सहस्रबुद्धे तथा दोनों प्रदेश सह-प्रभारी जमयांग सेरिंग नामग्याल और दर्शना जारदोश के नाम शामिल हैं.

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की मुहर के बाद गठित यह कोर टीम दिल्ली में भाजपा की भविष्य की रणनीति तय करने में निर्णायक भूमिका निभाएगी. एक ओर जहां मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और उनके कैबिनेट सहयोगी प्रवेश वर्मा व आशीष सूद सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का फीडबैक रखेंगे, वहीं हर्ष मल्होत्रा, पवन राणा और वीरेंद्र सचदेवा जैसे अनुभवी संगठनकर्ता जमीनी स्तर पर पार्टी की पकड़ को और मजबूत करने का खाका तैयार करेंगे. साथ ही, पूर्वांचल, ग्रामीण, पंजाबी और वैश्य समेत दिल्ली के सभी प्रमुख सामाजिक समीकरणों को भी इस सूची में साधने की कोशिश साफ दिखाई दे रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *