नोएडा चित्रकला उत्सव-5 में रंगों से सजे सपने, 116 स्कूलों के करीब 4000 प्रतिभागियों ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभा - TV News Today
दिल्‍ली-एनसीआर

नोएडा चित्रकला उत्सव-5 में रंगों से सजे सपने, 116 स्कूलों के करीब 4000 प्रतिभागियों ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभा

नोएडा:  सेक्टर-33 स्थित चिल्ड्रेन पार्क गुरुवार को रंगों, कल्पनाओं और रचनात्मकता के अनूठे संगम का साक्षी बना. नोएडा लोक मंच एवं नोएडा प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित नोएडा चित्रकला उत्सव-5 इंद्रधनुष अंतर्विद्यालय चित्रकला प्रतियोगिता-2026 में दिल्ली-एनसीआर के 116 विद्यालयों के विद्यार्थियों सहित लगभग 4000 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया. इस आयोजन में विद्यार्थियों के साथ दिव्यांग बच्चों, शिक्षकों और वरिष्ठ नागरिकों ने भी अपनी कला और कल्पनाशीलता का शानदार प्रदर्शन किया.

प्रतियोगिता में विभिन्न आयु एवं श्रेणियों के प्रतिभागियों ने अपनी कल्पनाओं, विचारों और सामाजिक संदेशों को रंगों के माध्यम से कागज और कैनवास पर उकेरा. आयोजन की विशेष बात यह रही कि इसमें समाज के विभिन्न वर्गों और सभी आयु समूहों को एक साझा मंच मिला. दिव्यांग बच्चों से लेकर वरिष्ठ नागरिकों तक की भागीदारी ने इंद्रधनुष उत्सव को समावेशिता और सामाजिक सहभागिता का विशेष स्वरूप प्रदान किया.

कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में कुशाग्र अवस्थी, पूजा अग्रवाल (सीईओ, क्यूब हाईवेज रूट फाउंडेशन), राजीव सक्सेना, प्रिया उपाध्याय, राजेश श्रीवास्तव, डॉ. राम शरण गौड़, मोहम्मद परवेज, मुकुल बाजपेयी एवं सुरोजीत दास गुप्ता उपस्थित रहे. नोएडा लोक मंच के महासचिव महेश सक्सेना, कार्यकारी महासचिव विनीत गर्ग, प्रदीप वोहरा और सुनीता खटाना सहित अनेक गणमान्य लोगों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की.

ग्रुप लीडर्स ने संभाली आयोजन की जिम्मेदारी

प्रतियोगिता की विभिन्न श्रेणियों एवं विद्यालयों के समन्वय की जिम्मेदारी पुष्पा सिंह, लीका सक्सेना, आशु सक्सेना, रंजू माथुर, रेनू छिब्बर, रेना शाहमीरी, विभा बंसल, मुक्ता गुप्ता एवं विनीत सक्सेना ने संभाली. पंजीकरण, प्रतिभागियों की बैठक व्यवस्था और प्रतियोगिता के सुचारु संचालन में सभी ग्रुप लीडर्स ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.

मंच संचालन, घोषणाओं एवं कार्यक्रम के समग्र संचालन का दायित्व आर.एन. श्रीवास्तव, राजेश्वरी त्यागराजन एवं विनोद पांडेय ने संभाला. प्रतियोगिता की समग्र प्रभारी इंद्रा चौधरी रहीं, जबकि अधीक्षक के रूप में लुबना सैफी ने आयोजन की व्यवस्थाओं एवं समन्वय संबंधी जिम्मेदारियां निभाईं.

50 स्काउट वॉलंटियर सहित स्वयंसेवकों का रहा विशेष योगदान

आयोजन को सफल बनाने में नोएडा लोक मंच के विभिन्न प्रकल्पों, नोएडा पब्लिक लाइब्रेरी के स्टूडेंट रीडिंग रूम से जुड़े विद्यार्थियों तथा संस्कार अध्ययन केंद्र सरफाबाद, गढ़ी और कोंडली से जुड़े विद्यालयों के प्रधानाचार्यों, शिक्षकों एवं स्वयंसेवकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा.

उत्तर प्रदेश भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के लगभग 50 वॉलंटियर तथा साधना बिधूड़ी के मार्गदर्शन में 10 स्काउट-गाइड ने भी व्यवस्थाओं में सक्रिय सहयोग किया. इसके अतिरिक्त नोएडा लोक मंच एवं अंतिम निवास से जुड़े मुकेश, गौरव, चिराग, ध्रुव, भागवत सिंह खाटी, राकेश कुमार, अंकिता वर्मा, शिवांगी, आकाश, रविन्द्र, विजेंद्र, पिंटू एवं नीतीश सहित अनेक स्वयंसेवकों ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.

5 दिसंबर को होगा कलाकृतियों का मूल्यांकन, लगेगी आर्ट गैलरी

प्रतियोगिता में प्रतिभागियों द्वारा तैयार की गई कलाकृतियों का 5 दिसंबर को पेशेवर चित्रकारों द्वारा मूल्यांकन किया जाएगा. इसके बाद चयनित कलाकृतियों की विशेष आर्ट गैलरी लगाई जाएगी तथा विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा. पुरस्कार वितरण एवं प्रदर्शनी की तिथि की घोषणा जल्द की जाएगी. चयनित कलाकृतियां कला प्रेमियों के लिए स्वैच्छिक अनुदान के माध्यम से उपलब्ध होंगी.

इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करना, कला के प्रति रुचि विकसित करना तथा कला को सामाजिक सहभागिता और सेवा से जोड़ना है.

नोएडा चित्रकला उत्सव-5 इंद्रधनुष ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि कला की न कोई उम्र होती है और न कोई सीमा. रंगों के माध्यम से हर व्यक्ति अपनी कल्पनाओं, भावनाओं और सपनों को अभिव्यक्त कर सकता है..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *