दिल्ली की हवा और हुई जहरीली, 287 दिन बाद सबसे खराब AQI - TV News Today
दिल्‍ली-एनसीआर

दिल्ली की हवा और हुई जहरीली, 287 दिन बाद सबसे खराब AQI

दिल्ली: राजधानी दिल्ली में मंगलवार को लगातार दूसरे दिन हवा की गुणवत्ता ‘बहुत खराब’ श्रेणी में दर्ज की गई, क्योंकि राष्ट्रीय राजधानी में स्मॉग (धुंध) की एक घनी परत छाई रही. शहर का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 350 पर पहुंच गया, जबकि 10 निगरानी स्टेशनों पर प्रदूषण का स्तर ‘गंभीर’ श्रेणी में दर्ज किया गया. इसके साथ ही अधिकतम तापमान 29.1 डिग्री सेल्सियस रहा.

287 दिन बाद सबसे खराब AQI

बता दें कि दिल्ली में मंगलवार को सुबह धुंध की चादर छाने से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा. दिल्ली का औसत एक्यूआई शाम को 4 बजे 350 अंक रहा. इसी साल 20 जनवरी को एक्यूआई 378 अंक दर्ज किया गया था यानी 287 दिन बाद यह दिल्ली का सबसे खराब AQI है.

शहर के 57 वायु गुणवत्ता निगरानी स्टेशनों में से 10 पर हवा की गुणवत्ता ‘गंभीर’, 35 पर ‘बहुत खराब’ और 12 पर ‘खराब’ श्रेणी में दर्ज की गई. जहांगीरपुरी में सबसे खराब हवा की गुणवत्ता दर्ज की गई, जहां AQI 462 रहा. इसके बाद पंजाबी बाग (445), रोहिणी (442), DTU (438), मुंडका (429), अलीपुर (428), विवेक विहार (424), नरेला (420), बवाना (415), IIT दिल्ली (411) और दिल्ली यूनिवर्सिटी के नॉर्थ कैंपस (401) का नंबर आता है.

मौसम विभाग ने बुधवार को आसमान मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान जताया है. इस दौरान अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. इस पूरे हफ्ते यानी 9 नवंबर तक दिल्ली के साथ ही एनसीआर में शाम और सुबह के वक्त हवा की स्पीड धीमी रहने के कारण प्रदूषण में और बढ़ोतरी की संभावना जताई गई है. 6 नवंबर तक हवा का रुख भी उत्तरी पश्चिमी रहने की संभावना है.

दिल्ली के मुख्य मौसम केंद्र, सफदरजंग में मंगलवार को अधिकतम तापमान 29.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत से 1.4 डिग्री कम है. न्यूनतम तापमान 16.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.1 डिग्री अधिक है. अन्य मौसम केंद्रों की बात करें तो, पालम में अधिकतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 3.4 डिग्री कम) और न्यूनतम तापमान 16.2 डिग्री सेल्सियस (लगभग सामान्य) दर्ज किया गया. लोधी रोड पर अधिकतम तापमान 29.1 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 0.9 डिग्री कम) और न्यूनतम तापमान 16.2 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 3.2 डिग्री अधिक) रहा.

दिल्ली के लिए ‘एयर क्वालिटी अर्ली वार्निंग सिस्टम’ ने अनुमान लगाया है कि 4 से 6 नवंबर तक शहर की हवा की गुणवत्ता ‘बहुत खराब’ (very poor) श्रेणी में रहने की संभावना है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *