गाजियाबाद में स्वाइन फ्लू को लेकर अलर्ट: MMG अस्पताल में H1N1 वार्ड तैयार, DM बोले- स्थिति नियंत्रण में - TV News Today
बिजनेस

गाजियाबाद में स्वाइन फ्लू को लेकर अलर्ट: MMG अस्पताल में H1N1 वार्ड तैयार, DM बोले- स्थिति नियंत्रण में

गाजियाबाद: राजधानी दिल्ली में स्वाइन फ्लू यानी H1N1 का कहर तेजी से बढ़ता जा रहा है, जहां अब तक संक्रमण के 2,700 से अधिक मामले सामने आ चुके हैं. इस गंभीर स्थिति को देखते हुए गाजियाबाद प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है. रोकथाम और त्वरित इलाज के लिए गाजियाबाद के जिला एमएमजी (MMG) अस्पताल में एक विशेष स्वाइन फ्लू वार्ड तैयार किया गया है.

वहीं, स्वास्थ्य व्यवस्थाओं और तैयारियों की जमीनी हकीकत परखने के लिए जिलाधिकारी रविंद्र कुमार माँदड़ ने खुद अस्पताल का औचक निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया. इस दौरान जिलाधिकारी ने बताया कि स्वाइन फ्लू को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट है. हाल ही में जिले में स्वाइन फ्लू की स्थिति को लेकर स्वास्थ्य विभाग के साथ समीक्षा की गई थी. एमएमजी अस्पताल में स्वाइन फ्लू वार्ड तैयार किया गया है. वार्ड में 10 बेड आरक्षित हैं. आज एमएमजी अस्पताल का निरीक्षण कर तमाम तैयारियां का जायजा लिया है. सरकारी अस्पतालों में स्टाफ की ट्रेनिंग भी कराई गई है.

डीएम ने बताया, फिलहाल गाजियाबाद में स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है. अब तक जिले में स्वाइन फ्लू के 9 मामले सामने आए हैं. स्वाइन फ्लू के मरीजों की स्थिति पूरी तरह से सामान्य है और सभी का घर पर इलाज चल रहा है. पैनिक होने की किसी तरह की कोई जरूरत नहीं है. जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह से अलर्ट मोड पर है.

एमएमजी अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ राकेश कुमार के मुताबिक, ”अस्पताल में दो से ढाई हजार मरीज ओपीडी में पहुंचते हैं. बुखार, खांसी आदि के मरीजों पर विशेष नजर रखी जा रही है. यदि कोई भी मरीज संदिग्ध प्रतीत हो रहा है तो उसकी टेस्टिंग कराई जा रही है. अस्पताल के स्टाफ को इस संबंध में विस्तृत निर्देश दिए गए हैं. फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है. अस्पताल पूरी तरह से अलर्ट है.”

जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ आरके गुप्ता के मुताबिक, ”स्वास्थ्य विभाग सरकारी अस्पतालों के साथ निजी अस्पतालों पर भी नजर बनाए हुए हैं. सभी निजी अस्पतालों के मेडिकल सुपरिटेंडेंट को स्पष्ट निर्देश जारी किए गए हैं कि स्वाइन फ्लू का मामला रिपोर्ट होने पर तुरंत स्वास्थ्य विभाग को सूचित करें. फिलहाल गाजियाबाद में घबराने की कोई जरूरत नहीं है. स्वास्थ्य विभाग स्थिति पर पूरी तरह से नजर बनाए हुए हैं.”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *