बिजनेस

ग्रेटर नोएडा: फोम फैक्ट्री में लगी भीषण आग, फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने पाया काबू

ग्रेटर नोएडा: दादरी थाना क्षेत्र स्थित फोम फैक्ट्री में मंगलवार को भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया. देखते ही देखते आग की लपटों और काले धुएं के गुबार ने आसमान को घेर लिया. आग इतनी भयावह थी कि उसका धुआं कई किलोमीटर दूर से दिखाई दे रहा था. इसकी सूचना मिलने पर दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया. फिलहाल, आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है.

चीफ फायर अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि आग लगने की सूचना 14.09 पर मिली थी, घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय फायर स्टेशन से दमकल की गाड़ियां तत्काल मौके के लिए रवाना की गईं. आग प्लॉट नंबर एच-1 में स्थित फोम फैक्ट्री के बाहरी हिस्से में मौजूद स्क्रैप और वहां उगी सूखी घास-फूस में लगी थी. आग की गंभीरता को देखते हुए दमकल विभाग की 3 फायर सर्विस यूनिट्स की मदद से आग को पूरी तरह से बुझा दिया गया है.

दमकल कर्मियों की तत्परता की वजह से आग को फैक्ट्री की मुख्य बिल्डिंग तक फैलने से रोक लिया गया. सीएफओ प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि गनीमत रही कि इस आग में कोई जनहानि नहीं हुई. फिलहाल आग को पूरी तरह से बुझा लिया गया है. आग लगने के कारणों और उससे हुए नुकसान का आंकलन करने के लिए जांच की जा रही है. स्थिति अब पूरी तरह नियंत्रण में है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *