दिल्‍ली-एनसीआर

नोएडा: फेब्रिकेशन की कंपनी में भीषण आग, आठ गाड़ियों की मदद से पाया काबू

नोएडा: फेज 2 क्षेत्र स्थित सेक्टर 88 स्थित एक कंपनी में भीषण आग लग गई.कंपनी के इलेक्ट्रिकल पैनल में लगी आग देखते ही देखते पूरी कंपनी में फैल गई. आग पहले ग्राउंड फ्लोर पर लगी फिर पहली मंजिल और फ‍िर दूसरी मंजिल को भी चपेट में ले लिया. स्‍थानीय लोगों ने आग लगने की सूचना फायर ब्रिगेड को दी थी.

सूचना मिलते ही दो गाड़ियां मौके पर आग बुझाने पहुंची. बाद में हालात को काबू में न देख छह अन्य गाड़ियों को बुलाया गया, कुल आठ गाड़ियों की मदद से करीब ढाई घंटे की मशक्‍कत के बाद किसी तरह से आग पर काबू पाया गया. कंपनी बंद होने के चलते किसी प्रकार की कोई जनहानि नहीं हुई है, कंपनी में आग लगने की जानकारी कंपनी के गार्ड को सबसे पहले हुई, जिसने आग लगने की सूचना अन्य लोगों को दी. इस आग में लाखों सामान जलकर खाक हो गया है. बताया जा रहा है कि कंपनी में फेब्रिकेशन का काम किया जा रहा था.

मुख्‍य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि नोएडा के सेक्टर-88 स्थित बी-40 में एक कंपनी में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई. सूचना पर तत्काल फायर सर्विस और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची. आग लगने के समय कंपनी बंद थी तथा आग ग्राउंड फ्लोर एवं प्रथम तल तक फैली हुई थी. प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण इलेक्ट्रिकल पैनल में शॉर्ट सर्किट प्रतीत होता है. फायर सर्विस यूनिट द्वारा 8 गाड़ियों की सहायता से आग को पूर्ण रूप से बुझा दिया गया है. कोई जनहानि नहीं है. उन्होंने बताया कि आग में कितनी संपत्ति का नुकसान हुआ है, इसका आकलन किया जा रहा है.

चीफ फायर अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि आग पूरी तरीके से बुझा दी गई है, अब फायर कर्मियों द्वारा कूल डाउन किया जा रहा है. सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच की जा रही है, राहत की बात है कि किसी प्रकार की कोई जनहानि नहीं हुई है, आग लगने की जानकारी कंपनी मालिक को दे दी गई है.जिस पैनल में आग लगी थी वह काफी पुराना हो चुका था, जिसके चलते शॉर्ट सर्किट की स्थिति उत्पन्न हुई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *