उत्तर प्रदेश

गाजियाबाद में लिफ्ट एक्ट का सख्ती से पालन, विधुत सुरक्षा विभाग सक्रिय

गाजियाबाद: इंदिरापुरम इलाके में स्थित गौर ग्रीन व्यू सोसाइटी में हाल ही में भीषण आग लगने के चलते 9 फ्लैट पूरी तरह से जल गए थे. घटना के बाद जिलाधिकारी ने जिले के 17 विभागों को बहुमंजिला इमारत में सुरक्षणात्मक ऑडिट करने के निर्देश दिए थे. विद्युत सुरक्षा विभाग द्वारा हाई-राइज सोसाइटियों का ऑडिट किया जा रहा है.

इस दौरान विद्युत सुरक्षा को लेकर किए गए तमाम इंतजामों को परखा जा रहा है. साथ ही ऐसी तमाम हाई-राइज सोसाइटियों, जिन्होंने विद्युत सुरक्षा विभाग से एनओसी नहीं ली या फिर बिना मानकों के लिफ्ट आदि का संचालन कर रहे, उन पर कार्रवाई करने की तैयारी भी की जा रही है. विद्युत सुरक्षा विभाग से मिले आंकड़ों के मुताबिक, जिले में तकरीबन 5000 लिफ्ट संचालित होती है.

गाजियाबाद में अभी भी तकरीबन 1900 लिफ्टों का संचालन बिना पंजीकरण हो रहा है. विभाग द्वारा लोगों की सुरक्षा को देखते हुए लगातार ऐसी हाई-राइज सोसाइटियों को नोटिस जारी किए जा रहे हैं. साथ ही जुर्माना लगाने की कार्रवाई भी सुनिश्चित की जा रही है. विद्युत सुरक्षा विभाग द्वारा बीते दो महीने में ऐसी तमाम सोसाइटियों को चिन्हित किया गया है, जिनके यहां लिफ्ट का संचालन लंबे समय से हो रहा है, लेकिन 15 फरवरी 2026 तक संचालन होने के बावजूद भी रजिस्ट्रेशन नहीं कराया है.

बिना रजिस्ट्रेशन के संचालन होने वाली लिफ्टों को लेकर संबंधित AOA या प्रतिष्ठान आदि पर विद्युत सुरक्षा विभाग द्वारा ₹10000 का जुर्माना लगाया जा रहा है. बीते 2 महीने में विद्युत सुरक्षा विभाग द्वारा तकरीबन 40 लाख रुपए का जुर्माना लगाया जा चुका है. सहायक निदेशक विद्युत सुरक्षा सौरभ सिंह के मुताबिक, विद्युत सुरक्षा विभाग द्वारा लगातार नोटिस जारी किए जा रहे हैं, ताकि जल्द अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन या संबंधित बिल्डर आदि द्वारा संचालित हो रही लिफ्टों का संचालन कराया जा सके.

विद्युत सुरक्षा विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक, गौर ग्रीन व्यू सोसायटी ने विभाग से इलेक्ट्रिकल सेफ्टी से संबंधित एनओसी प्राप्त नहीं की थी. विद्युत सुरक्षा विभाग द्वारा की गई जांच में आग लगने के पीछे शॉर्ट सर्किट होने की पुष्टि नहीं हुई है. विद्युत सुरक्षा विभाग द्वारा विद्युत विभाग के माध्यम से सभी हाईलाइट सोसाइटीज को निर्देश और नोटिस जारी किए गए हैं कि अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन अपने इलेक्ट्रिकल सेफ्टी प्रोटक्शन सिस्टम की नियमित जांच करें, ताकि गर्मी के मौसम में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की घटनाओं पर लगाम लगाई जा सके. विद्युत सुरक्षा विभाग द्वारा सभी हाईराइज इमारत को निर्देश जारी किए गए हैं कि विद्युत सुरक्षा विभाग से एनओसी आवश्यक प्राप्त करें. गाजियाबाद में तकरीबन 200 से अधिक ऐसी हाई-राइज इमारतें हैं जिनके पास विद्युत सुरक्षा विभाग की एनओसी नहीं है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *