उत्तराखंड

हिमाद्रि आइस रिंक से उत्तराखंड के खिलाड़ियों को मिली उड़ान, सीएम धामी ने गिनाई खासियत

उत्तराखंड: महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज में आयोजित विशेष कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शिरकत की. उन्होंने खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों और उपस्थित अतिथियों को संबोधित किया. उन्होंने हिमाद्रि आइस रिंक के एक वर्ष पूरे होने पर शुभकामनाएं दीं. इस अवसर पर उन्होंने उत्तराखंड आइस हॉकी टीम की जर्सी और ‘पे एंड प्ले’ पोर्टल का भी विमोचन किया. जिसे प्रदेश में खेल सुविधाओं को आम लोगों तक पहुंचाने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है.

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा “हिमाद्रि” देश की एकमात्र अंतरराष्ट्रीय स्तर की आइस रिंक है. यह केवल एक खेल परिसर नहीं बल्कि उत्तराखंड के लिए गौरव और संभावनाओं का प्रतीक है, जो खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं प्रदान कर रहा है. उन्होंने बताया कि वर्ष 2011 में स्थापित इस आइस रिंक में साउथ एशियन विंटर गेम्स जैसे बड़े आयोजन हुए थे, लेकिन बाद के वर्षों में उचित रखरखाव और संचालन के अभाव में यह बंद हो गई थी. जिससे खिलाड़ियों को काफी नुकसान उठाना पड़ा.

मुख्यमंत्री ने कहा राज्य सरकार ने इस स्थिति को गंभीरता से लेते हुए हिमाद्रि आइस रिंक को पुनर्जीवित करने का निर्णय लिया. लगभग साढ़े 8 करोड़ रुपये की लागत से इसका व्यापक जीर्णोद्धार कराया गया. उन्होंने कहा इसके संचालन को स्थायी और पर्यावरण के अनुकूल बनाने के लिए 1 मेगावाट क्षमता का सोलर प्लांट भी स्थापित किया गया है. जिससे न केवल ऊर्जा की बचत हो रही है बल्कि हरित ऊर्जा को भी बढ़ावा मिल रहा है.

मुख्यमंत्री ने कहा पिछले एक वर्ष में हिमाद्रि आइस रिंक ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बनाई है. यह कई महत्वपूर्ण प्रतियोगिताओं और प्रशिक्षण शिविरों का केंद्र बनकर उभरा है. यहां नेशनल आइस स्केटिंग चैंपियनशिप, एशियन ट्रॉफी, राष्ट्रीय आइस हॉकी लीग और महिला एवं बालक वर्ग की राष्ट्रीय टीमों के प्रशिक्षण शिविरों का सफल आयोजन किया गया है. उन्होंने बताया वर्तमान में भी देश के विभिन्न राज्यों के खिलाड़ी यहां स्केटिंग और आइस हॉकी का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं.

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में आइस स्केटिंग और आइस हॉकी जैसे शीतकालीन खेलों के प्रति युवाओं का रुझान तेजी से बढ़ रहा है. आने वाले समय में भारत इन खेलों में एक बड़ी शक्ति के रूप में उभर सकता है. उन्होंने कहा उत्तराखंड सरकार भी खेलों को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है. राज्य में खेल अवसंरचना को मजबूत किया जा रहा है.

मुख्यमंत्री ने कहा राज्य सरकार ‘स्पोर्ट्स लेगेसी प्लान’ लागू करने जा रही है. जिसके तहत प्रदेश के आठ प्रमुख शहरों में 23 खेल अकादमियों की स्थापना की जाएगी. इन अकादमियों में हर वर्ष लगभग 920 विश्वस्तरीय एथलीटों और 1000 अन्य खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा. जिससे प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को सही दिशा और मंच मिल सकेगा.मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि हल्द्वानी में उत्तराखंड के पहले खेल विश्वविद्यालय और लोहाघाट में महिला स्पोर्ट्स कॉलेज की स्थापना के लिए भी तेजी से कार्य किया जा रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *