ग्रेटर नोएडा: वेस्ट स्थित निराला ग्रीनशायर सोसायटी में करोड़ों रुपये के पानी बिल को लेकर निवासियों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है. सोसायटी के लोगों का आरोप है कि बिल्डर प्रबंधन ने करीब 1.64 करोड़ रुपये का पानी का बिल फ्लैट मालिकों पर डाल दिया है और इसे सभी निवासियों में बांटकर वसूली की तैयारी की जा रही है. नोटिस सामने आने के बाद सोसायटी में रहने वाले लोग परेशान हैं और बिल्डर प्रबंधन से जवाब मांग रहे हैं.
निवासियों का कहना है कि वे पिछले करीब आठ वर्षों से सोसायटी में रह रहे हैं और नियमित रूप से मेंटेनेंस शुल्क जमा करते आ रहे हैं. बिजली का बिल अलग से भरा जाता है, लेकिन पानी के लिए कभी अलग से कोई शुल्क नहीं लिया गया. ऐसे में अचानक इतनी बड़ी रकम का बिल भेजे जाने से लोग हैरान हैं और इसे गलत बता रहे हैं.
सोसायटी निवासी कपिल ने बताया कि बिल्डर प्रबंधन की ओर से जारी नोटिस में कहा गया है कि यह बिल प्राधिकरण की तरफ से आया है और इसका भुगतान सभी फ्लैट मालिकों को करना होगा. हालांकि, निवासियों का सवाल है कि यदि प्राधिकरण की ओर से बिल जारी हुआ था, तो इसकी जानकारी पहले क्यों नहीं दी गई. लोगों का कहना है कि अब तक पानी का खर्च मेंटेनेंस शुल्क में शामिल माना जाता था और कभी इस तरह का कोई भारी-भरकम बिल नहीं आया.
निवासियों ने आरोप लगाया कि बिना किसी स्पष्ट जानकारी और पारदर्शी हिसाब के इतनी बड़ी राशि फ्लैट मालिकों पर डालना उचित नहीं है. कई लोगों ने बिल्डर प्रबंधन से पूरे बिल का विस्तृत विवरण सार्वजनिक करने की मांग की है.
सोसायटी के लोगों ने यह भी बताया कि हाल ही में गंगाजल की आपूर्ति शुरू हुई है, लेकिन वह भी सीमित समय के लिए मिल रही है. निवासियों के अनुसार सुबह और शाम केवल दो-दो घंटे ही पानी की सप्लाई होती है. ऐसे में करोड़ों रुपये का पानी बिल भेजे जाने से लोगों में और अधिक नाराजगी है.
फिलहाल इस मामले में बिल्डर प्रबंधन का पक्ष सामने नहीं आ सका है. सोसायटी के निवासी अब इस मुद्दे को लेकर सामूहिक रूप से आगे की रणनीति बनाने में जुटे हुए हैं.

