उत्तराखंड: आज भी भारी से भारी बारिश का अनुमान है. इसको देखते हुए देहरादून स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने राज्य के सात जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है. देहरादून समेत कई जिलों में भारी से भारी बारिश के अनुमान को देखते हुए स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद रखने के आदेश दिए गये हैं.
मौसम विज्ञान केंद्र ने राज्य के सात जिलों देहरादून, टिहरी गढ़वाल, पौड़ी गढ़वाल, हरिद्वार, नैनीताल, चंपावत और उधमसिंह नगर जिलों में भारी से भारी बारिश का अनुमान लगाया है. इसके कारण इन जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है. लोगों से जरूरी काम से ही बाहर निकलने को कहा गया है. अगर जरूरी नहीं हो तो घर पर ही रहने को कहा गया है. सीएम धामी ने भी लोगों से अपील की है कि संभव हो तो इस मौसम में घर पर ही रहें.
कई जिलों के जिलाधिकारियों ने बारिश के रेड अलर्ट को देखते हुए स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्रों में आज अवकाश घोषित किया है. देहरादून, पौड़ी, नैनीताल, चंपावत और उधमसिंह नगर जिलों में आज स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद रहेंगे. छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने ये फैसला लिया है.
— Meteorological Centre Dehradun (@mcdehradun) July 31, 2024
मौसम विभाग द्वारा जारी किए गए रेड अलर्ट के चलते एवं आयुक्त गढ़वाल मंडल द्वारा दिए गए निर्देशों के क्रम में चारधाम यात्रियों की सुरक्षा के दृष्टिगत आज दिनांक 01 अगस्त 2024 को चारधाम यात्रा के जो यात्री संबंधित जनपद में पहुंच गये हैं, उनकी आगे यात्रा के लिए संबंधित ज़िले की ज़िलाधिकारी अपने स्तर से निर्णय लेंगे. हरिद्वार तथा ऋषिकेश में स्थित पंजीकरण केंद्र में रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया आज स्थगित रहेगी.

