उत्तराखंड: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अपने दो दिवसीय दौरे पर उत्तराखंड पहुंची हैं. देहरादून के जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि), और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राष्ट्रपति का स्वागत किया. इस दौरान एयरपोर्ट पर कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन और पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे.
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दो दिन के लिए आज देहरादून आई हैं. वो आईएमए की पासिंग आउट परेड की सलामी लेंगी. इंडियन मिलिट्री अकादमी की पासिंग आउट परेड कल शनिवार 13 जून को होगी. आईएमए की पासिंग आउट परेड में राष्ट्रपति बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगी.
राष्ट्रपति के काफिले के देहरादून की सड़कों से गुजरने के दौरान पुलिस और सुरक्षा बलों की तैनाती मार्ग के दोनों ओर की गई थी. देहरादून पुलिस, एसपीजी, खुफिया एजेंसियों और अन्य सुरक्षा इकाइयों ने संयुक्त रूप से सुरक्षा व्यवस्था संभाली. संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई थी, जबकि मार्ग पर लगातार निगरानी रखी गई. राष्ट्रपति का काफिला दोपहर बाद राजपुर रोड स्थित राष्ट्रपति निकेतन पहुंचा. राष्ट्रपति निकेतन में उनके ठहरने की विशेष व्यवस्था की गई है. यहां सुरक्षा और प्रोटोकॉल से जुड़े सभी इंतजाम पहले ही पूरे कर लिए गए थे. राष्ट्रपति शनिवार सुबह राष्ट्रपति निकेतन से भारतीय सैन्य अकादमी के लिए रवाना होंगी.
Governor of Uttarakhand Lt. General Gurmit Singh (Retd.) and Chief Minister Shri Pushkar Singh Dhami received President Droupadi Murmu on her arrival at Dehradun. pic.twitter.com/mRrfxGN8tU
— President of India (@rashtrapatibhvn) June 12, 2026
शनिवार को होने वाली IMA की पासिंग आउट परेड को लेकर अकादमी में तैयारियां अंतिम चरण में हैं. परेड में देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ मित्र देशों के कैडेट भी शामिल होंगे. प्रशिक्षण पूरा करने के बाद जेंटलमैन कैडेट्स भारतीय सेना में अधिकारी के रूप में अपनी नई जिम्मेदारी संभालेंगे. इस ऐतिहासिक अवसर पर राष्ट्रपति की मौजूदगी कार्यक्रम को और विशेष बना देगी. आईएमए की पासिंग आउट परेड भारतीय सेना की सबसे प्रतिष्ठित सैन्य परंपराओं में से एक मानी जाती है. परेड के दौरान कैडेट्स अपने कठिन प्रशिक्षण और अनुशासन का प्रदर्शन करते हैं. अंतिम पग भरते ही वे सेना के अधिकारी बन जाते हैं. इस समारोह को देखने के लिए कैडेट्स के परिजन और सेना के वरिष्ठ अधिकारी भी बड़ी संख्या में पहुंचते हैं.
आईएमए में 13 जून को आयोजित होने वाली पासिंग आउट परेड में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगी. राष्ट्रपति के भ्रमण और देहरादून में ठहरने के कार्यक्रम को देखते हुए राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक चौबंद की गई है. राष्ट्रपति के भ्रमण और कार्यक्रम समेत प्रवास के दौरान पूरे क्षेत्र को नो ड्रोन जोन में तब्दील कर दिया गया है. इस दौरान कार्यक्रम स्थल और आसपास के हवाई क्षेत्र में किसी भी प्रकार के निजी या व्यावसायिक ड्रोन के संचालक पर पूरी तरह से प्रतिबंध रहेगा. आज 12 जून को जनपद क्षेत्र के अंतर्गत वीवीआईपी भ्रमण कार्यक्रम के मद्देनजर ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की गई है.
देहरादून के एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया है कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के भ्रमण और प्रवास कार्यक्रम को देखते हुए देहरादून की सुरक्षा व्यवस्था में तैनात किए जाने वाले भारी पुलिस बल की उच्च स्तरीय ब्रीफिंग की गई है. साथ ही सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में पड़ने वाले होटल, लॉज, धर्मशाला और मुख्य बस स्टेशन और रेलवे स्टेशन पर रात दिन चेकिंग अभियान चलाया गया है. बाहरी और संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान कर समय रहते सत्यापन की कार्रवाई पूरी की गई है.

