चार धाम यात्रा में मार्ग बंद होने पर फंसे तो तीर्थयात्रियों को निशुल्क ठहरने की मिल रही सुविधा - TV News Today
उत्तराखंड

चार धाम यात्रा में मार्ग बंद होने पर फंसे तो तीर्थयात्रियों को निशुल्क ठहरने की मिल रही सुविधा

उत्तराखंड में चार धाम यात्रा का संचालन हो रहा है. लेकिन भारी बारिश के चलते भूस्खलन और पहाड़ी मार्ग बाधित होने से यात्रियों को कई बार सड़क मार्गों पर घंटों इंतजार करना पड़ रहा है. ऐसे में यात्रियों की असुविधा को देखते हुए सीएम पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर बदरी केदार मंदिर समिति ने एक पहल की है.

उत्तराखंड में चारधाम यात्रा पर आने वाले तीर्थयात्रियों को खराब मौसम तथा मार्ग बंद होने की दशा में श्री बद्रीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति द्वारा निशुल्क ठहरने की सुविधा दी जाएगी. जिससे यात्रा मार्ग पर तीर्थयात्रियों को किसी असुविधा का सामना न करना पड़े.

श्री बद्रीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) यात्रा मार्गो पर स्थित अपने विश्रामगृहों में यात्रा में आने वाले तीर्थयात्रियों को निशुल्क आवास व्यवस्था उपलब्ध कराएगा. श्री बद्रीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष अजेंद्र अजय ने इस संबंध में आदेश जारी करते हुए बताया कि बारिश मानसून काल में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु भक्त श्री बद्रीनाथ तथा श्री केदारनाथ धाम की यात्रा पर पहुंच रहे हैं.

लगातार हो रही भारी बारिश के कारण कई बार सड़क मार्ग बाधित हो रहे हैं। ऐसी दशा में श्रद्धालुओं और तीर्थ यात्रियों को रुकने के लिए खासी परेशानियां झेलनी पड़ती है. अजय ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा निर्देश दिए गए हैं कि बरसात के दौरान सड़क मार्ग बाधित होने पर यात्रा में आने वाले तीर्थयात्रियों की हर संभव मदद की जाए.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *