उत्तराखंड

जसपाल राणा का त्रयोदशी संस्कार, देहरादून पहुंचे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, दी श्रद्धांजलि

उत्तराखंड: केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आज 24 जून को उत्तराखंड पहुंचे, जहां वो देहरादून में प्रसिद्ध निशानेबाज़ और पद्मश्री स्व. जसपाल राणा के त्रयोदशी संस्कार (तेरहवीं) में शामिल हुए. इस दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने जहां स्वर्गीय जसपाल राणा को श्रद्धांजलि अर्पित की तो वहीं उनके परिजनों से बात कर अपनी शोक संवेदना व्यक्त की. साथ ही भगवान से इस दुःख की घड़ी में परिवार को धैर्य एवं संबल प्रदान करने की कामना की.

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के अलावा यूपी के उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक, उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सौरव बहुगुणा, खजान दास, बीजेपी सांसद डॉ. महेश शर्मा, अजय भट्ट, डॉ. सुधांशु त्रिवेदी, विधायक पंकज सिंह अन्य लोगों ने भी स्वर्गीय जसपाल राणा को श्रद्धांजलि अर्पित की.

बता दें कि जसपाल राणा देश की जाने-माने निशानेबाज हैं, जिन्हें भारत सरकार ने पद्मश्री से भी सम्मानित किया था. जसपाल राणा मूल रूप से उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले के रहने वाले थे. उन्होंने निशानेबाजी में देश को कई पदक दिलाए है. जसपाल राणा सफल खिलाड़ी होने के साथ-साथ एक बेहतरीन कोच भी रहे हैं. उन्होंने पेरिस 2024 ओलंपिक में दो पदक जीतने वाली स्टार शूटर मनु भाकर को भी कोचिंग दी थी.

दरअसल, जर्मनी से लौटते समय अचानक से जसपाल राणा की तबीयत खराब हो गई थी, जिसके बाद उन्हें दिल्ली के निजी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान 12 जून को उनका निधन हो गया था. जसपाल राणा का अंतिम संस्कार वाराणसी के मणिकर्णिका घाट पर किया गया था. आज जसपाल राणा का त्रयोदशी संस्कार का था, जहां उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह पहुंचे थे. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, जसपाल राणा के रिश्तेदार भी है.

जसपाल राणा के परिवार में उनकी पत्नी रीना राणा और दो बच्चे बेटी देवांशी और बेटा युवराज हैं. बेटी देवांशी भी शूटर हैं. देवांशी राणा ने पिता के नक्शेकदम पर चलते हुए 2018 ISSF जूनियर वर्ल्ड कप में स्वर्ण पदक हासिल किया. वहीं, पत्नी रीना राणा भी राष्ट्रीय स्तर की निशानेबाज रही हैं. पिता नारायण सिंह राणा के साथ ही दो भाई-बहन सुभाष राणा और सुषमा राणा हैं. दोनों भाई-बहन भी अच्छे निशानेबाज रहे हैं. जसपाल राणा की बहन सुषमा राणा का विवाह केंद्रीय मंत्री व बीजेपी नेता राजनाथ सिंह के बेटे से हुआ है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *