उत्तराखंड: सावन महीने के शुभारंभ के साथ ही धर्मनगरी हरिद्वार में गुरुवार से कांवड़ मेले की विधिवत शुरुआत हो गई है. बड़ी संख्या में कांवड़िए गंगाजल लेने हरिद्वार पहुंच रहे हैं और अपने गंतव्यों की ओर रवाना हो रहे हैं. शासन प्रशासन ने कांवड़ मेले की सुरक्षा की पूरी तैयारी कर की है. चूंकि इस बार अनुमान है कि कांवड़ मेले में आने वाले कांवड़ियों का आंकड़ा 5 करोड़ तक पहुंच सकता है, इसलिए कांवड़ मार्ग पर पेयजल और शौचालय की बेहतर व्यवस्थाएं की गई हैं. इसके साथ ही हरिद्वार जिले के स्कूलों और आंगनबाड़ियों में आज से 11 अगस्त तक छुट्टियां हो गई हैं. हालांकि ऑनलाइन पढ़ाई होगी.
पूरे कांवड़ मेला क्षेत्र को 18 सुपर जोन, 40 जाेन और 141 सेक्टरों में बांटकर अधिकारियों की तैनाती की गई है. सुरक्षा की दृष्टि से 6000 पुलिसकर्मियों की तैनाती के साथ ही 13 कंपनी पैरामिलेट्री फोर्स और पीएसी सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाल रही हैं. डॉग स्क्वॉयड और बीडीएस की टीमें लगातार चेकिंग कर रही हैं. मेले की शुरुआत में पैदल कावड़ियों का आवागमन हो रहा है. महाशिवरात्रि के नजदीक आते ही डाक कांवड़ की शुरुआत भी हो जाएगी. इसलिए लाखों वाहनों के लिए कई अस्थाई पार्किंग बनाई गई हैं. साथ ही बृहद ट्रैफिक प्लान भी लागू किया गया है.

कांवड़ मेले की शुरुआत से कांवड़ पटरी को सुचारू कर दिया गया. पहले दिन बोल बम, हर हर महादेव के उद्घोष के साथ कांवड़िए गंगाजल भरकर हरकी पैड़ी से अपने गंतव्यों को रवाना हो रहे हैं. वहीं बड़ी कांवड़ लेकर आने वाले कांवड़िए हाईवे के किनारे से गुजरते नजर आए. अभी शुरुआत में पैदल कांवड़ियों के दल हरिद्वार पहुंच रहे हैं. महाशिवरात्रि के पर्व के नजदीक आते ही डाक कांवड़ की शुरुआत होगी.
🚦 देहरादून एवं ऋषिकेश की ओर से आने वाले वाहनों के लिये यातायात डायवर्जन सूचना
देहरादून एवं ऋषिकेश की ओर से आने वाले सभी वाहन नेपाली तिराहा → सप्तऋषि तिराहा → दूधाधारी मार्ग से होते हुए चमगादड़ टापू पार्किंग और लालजीवाला पार्किंग में पहुंचेंगे। pic.twitter.com/VT1wKfACqd
— Haridwar Police Uttarakhand (@haridwarpolice) July 29, 2026
आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप ने समस्त पुलिस बल को मेले में असमाजिक तत्वों के प्रति बेहद सचेत रहकर धार्मिक भावनाएं भड़काने वाली आशंकाओं, डीजे में भड़काऊ गाने चलने अथवा सोशल मीडिया में अचानक किसी छोटी घटना को बड़ा रूप दे देने जैसी घटनाओं पर बेहद सतर्क दृष्टि रखने को कहा. शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय लोगों से समन्वय स्थापित करने को भी महत्वपूर्ण बताया.
आईजी एसटीएफ नीलेश आनंद भरणे ने पिछले कांवड़ मेलों से जुड़े अपने अनुभवों को साझा करते हुए पुलिस बल को आसपास की सभी घटनाओं पर सतर्क दृष्टि बनाए रखने एवं ट्रैफिक प्लान को सुव्यवस्थित तरीके से लागू करने के निर्देश दिए हैं. साथ ही हरकी पैड़ी पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने को कहा है.
🚦 मुरादाबाद, बिजनौर एवं नजीबाबाद की ओर से आने वाले वाहनों के लिये यातायात डायवर्जन सूचना-
मुरादाबाद, बिजनौर एवं नजीबाबाद की ओर से आने वाले सभी वाहन नजीबाबाद से चिड़ियापुर (4.2) डायवर्जन के माध्यम से गौरी शंकर एवं नीलधारा पार्किंग तक जाएंगे और वहीं अपने वाहन पार्क करेंगे। pic.twitter.com/bNFFMw46HZ
— Haridwar Police Uttarakhand (@haridwarpolice) July 29, 2026
हरिद्वार डीएम मयूर दीक्षित ने ड्यूटी स्थल के आसपास अन्य विभागों के साथ सही संयोजन बनाए रखने एवं आवश्यकता आपस में चर्चा कर निर्णय लिए जाने पर जोर दिया है. एसएसपी नवनीत सिंह ने मेले में नियुक्त समस्त फोर्स से कहा है कि कांवड़ यात्रा के समय लगातार वर्षा होने की संभावना है. सभी पुलिसकर्मी अपने साथ डंडे के साथ ही टॉर्च व रेन कोर्ट भी रखें. भुल्लर ने बताया कि कांवड़ यात्रा की लंबी और थकान भरी ड्यूटी के बीच भक्तिभाव को प्राथमिकता देते हुए आक्रोशित भावनाओं पर नियंत्रण आवश्यक है. छोटी घटनाएं कई बार बड़ा रूप ले लेती हैं.
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर कांवड़ियों को नो एंट्री
इस बार सबसे बड़ी व्यवस्था दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर यानी एक्सप्रेसवे को लेकर बनाई गई है. पुलिस ने स्पष्ट कर दिया है कि किसी भी कांवड़िये को इस एक्सप्रेसवे पर प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा. इसके लिए उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश पुलिस ने संयुक्त रणनीति तैयार की है.
भगवानपुर बॉर्डर से ही श्रद्धालुओं को वैकल्पिक मार्गों पर भेजा जाएगा, ताकि एक्सप्रेसवे केवल सामान्य वाहनों, एम्बुलेंस, दमकल और अन्य आपातकालीन सेवाओं के लिए खुला रहे. प्रशासन का मानना है कि यदि एक्सप्रेसवे पर कांवड़ियों की आवाजाही शुरू हो गई तो दिल्ली और देहरादून के बीच बनने वाला तेज यातायात पूरी तरह प्रभावित हो जाएगा, जिससे देहरादून में भारी भीड़ हो जाएगी. इसका असर देहरादून की जनता पर पड़ेगा. इसलिए सीमा से ही निगरानी बढ़ाई जाएगी और हर प्रवेश बिंदु पर पुलिस बल तैनात रहेगा. सामान्य यातायात के लिए एक्सप्रेसवे खुला रहेगा.

कांवड़ मेले के दौरान कांवड़ियों की भारी भीड़ और यातायात व्यवस्था डायवर्ट होने के कारण जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने जनपद के सभी सरकारी और गैर-सरकारी विद्यालयों, उच्च शिक्षण संस्थानों, प्राविधिक एवं तकनीकी शिक्षण संस्थानों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में 30 जुलाई से 11 अगस्त 2026 तक अवकाश घोषित कर दिया है. अवकाश अवधि में छात्रों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए सभी शिक्षण संस्थानों को ऑनलाइन कक्षाएं संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं.

