उत्तराखंड

उत्तराखंड में धामी कैबिनेट का हुआ विस्तार, इन 5 विधायकों ने ली मंत्री पद की शपथ

उत्तराखंड: धामी मंत्रिमंडल में पांच नए मंत्रियों की एंट्री हो गई है. लोक भवन में शुक्रवार की सुबह 10:00 बजे नव नियुक्त कैबिनेट मंत्रियों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया. शपथ ग्रहण समारोह के दौरान राज्यपाल गुरमीत सिंह ने पांच विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलाई. ऐसे में अब धामी मंत्रिमंडल में मंत्रियों की संख्या बढ़कर 12 हो गई है. राज्यपाल ने विधायक मदन कौशिक, भरत चौधरी, प्रदीप बत्रा, राम सिंह कैड़ा और खजान दास को मंत्री पद की शपथ दिलाई.

उत्तराखंड राज्य में साल 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले धामी मंत्रिमंडल का विस्तार हो गया है. अभी मंत्रिमंडल का विस्तार आगामी विधानसभा चुनाव के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण माना जा रही है. क्योंकि राज्य सरकार ने मंत्रिमंडल विस्तार के जरिए क्षेत्रीय, जातीय और महिला- युवा संतुलन साधने की कोशिश की है. दरअसल, साल 2022 में सरकार के गठन के बाद से ही मंत्रिमंडल के कई पद खाली चल रहे थे. जिसके बाद से ही समय समय पर मंत्रिमंडल विस्तार की सुगबुगाहट उठती रही है. ऐसे में वर्तमान सरकार के कार्यकाल को चार साल पूरा होने से ठीक तीन दिन पहले मंत्रिमंडल का विस्तार कर दिया गया है.

दरअसल, साल 2022 में हुए विधानसभा चुनाव के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत 9 विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली थी. ऐसे में सरकार के गठन के साथ ही तीन मंत्रिमंडल के पद खाली चल रहे थे. लेकिन कुछ समय बाद ही यानी 26 अप्रैल 2023 को परिवहन मंत्री चंदन रामदास के निधन के बाद एक और मंत्रिमंडल का पद खाली हो गया. इसके साथ ही 16 मार्च 2025 में वित्त मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल की ओर से दिए गए विवादित बयान के बाद उन्हें भी अपने पद से इस्तीफा देना पड़ा. ऐसे में धामी मंत्रिमंडल में पांच मंत्री के पद खाली चल रहे थे.

इन विधायकों को धामी मंत्रिमंडल में मिली जगह

  1. रुद्रप्रयाग विधानसभा सीट से विधायक भरत चौधरी को कैबिनेट मंत्री बनाया गया
  2. रुड़की विधानसभा सीट से विधायक प्रदीप बत्रा को कैबिनेट मंत्री बनाया गया
  3. हरिद्वार विधानसभा सीट से विधायक मदन कौशिक को कैबिनेट मंत्री बनाया गया
  4. राजपुर विधानसभा सीट से विधायक खजान दास को कैबिनेट मंत्री बनाया गया
  5. भीमताल विधानसभा सीट से विधायक राम सिंह कैड़ा को कैबिनेट मंत्री बनाया गया

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *