उत्तराखंड

सीएम धामी किया गंगा कॉरिडोर का शिलान्यास, कांवड़ मेले की भी हुई समीक्षा

उत्तराखंड: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज हरिद्वार दौरे पर रहे. जहां उन्होंने कई कार्यक्रमों में शिरकत की. सीएम धामी ने गंगा कॉरिडोर के लिए करीब 235 करोड़ की तीन अलग अलग परियोजनाओं का भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया. इसके बाद उन्होंने सीसीआर भवन में कांवड़ मेले की समीक्षा बैठक ली. इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को तय समय पर कांवड़ यात्रा की तैयारी करने के निर्देश दिए. बैठक में कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा समेत कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे. सीएम धामी ने जगजीतपुर में भाजपा द्वारा आयोजित मेंगो पार्टी और किसान संवाद में भी भाग लिया.

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कांवड़ मेले में शिवभक्त कांवड़ियों के स्वागत और उनकी सफल यात्रा को लेकर किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की गई है. हरिद्वार गंगाजल लेने वाले कांवड़ियों के लिए बिजली, पानी सड़क, यातायात व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, घाटों की सफाई, शौचालय और पार्किंग की बेहतर व्यवस्थाएं की जाएंगी. इस बार कांवड़ मेले में महिलाओं के लिए अलग से शौचालय बनाए जाएंगे.

सीएम धामी ने कहा हरिद्वार के स्थानीय निवासी, साधु संत और सभी स्टेक होल्डर मिलकर शिवभक्तों का स्वागत करेंगे. उनकी यात्रा को सफल बनाएंगे. इसके साथ ही सीएम धामी ने कांवड़ियों से भी कांवड़ यात्रा के नियमों का पालन करते हुए अपनी यात्रा पूरी करने की अपील की.

सीएम धामी ने बताया हरिद्वार में गंगा कॉरिडोर के तीन प्रोजेक्ट का शिलान्यास किया गया है. हरिद्वार पूरे विश्व का आध्यात्मिक स्थान है. यहां सभी बेहतर व्यवस्थाएं की जाएंगी. गंगा कॉरिडोर बनने के बाद हरिद्वार में रोजगार और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा. निश्चित रूप से आने वाले श्रद्धालुओं के साथ ही स्थानीय लोगों को भी गंगा कॉरिडोर से लाभ मिलने वाला है.

गौर हो कि उत्तराखंड निवेश एवं आधारित संरचना बोर्ड के द्वारा हरिद्वार में कराए जाने वाले करीब 235 करोड़ के विकास कार्यों का भूमि पूजन और शिलान्यास किया जाएगा. कई चरणों में यह कार्य होगा. रोडीबेलवाला क्षेत्र का सौंदर्यीकरण के कार्य की अनुमानित लागत 58.84 करोड़. हरकी पैड़ी के सौंदर्यीकरण के लिए 66.76 करोड़, उत्तरी हरकी पौड़ी के लिए 66.34 करोड़ और प्रशासनिक मार्ग कॉरिडोर विकास कार्य 43.25 करोड़ से होगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *