नोएडा/उत्तराखंड: देवभूमि उत्तराखंड में चारधाम यात्रा सीजन शुरू होते ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है. इसी के साथ ऑनलाइन ठगी, फर्जी होटल बुकिंग, नकली हेलीकॉप्टर टिकट और सोशल मीडिया पर चल रहे भ्रामक विज्ञापनों के मामले भी तेजी से बढ़ने लगे हैं. यात्रियों को साइबर अपराधियों के जाल से बचाने के लिए नोएडा पुलिस और उत्तर प्रदेश पुलिस ने विशेष जागरूकता अभियान शुरू किया है.
पुलिस अधिकारियों के अनुसार साइबर ठग चारधाम यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं को सस्ते पैकेज, वीआईपी दर्शन, तत्काल हेलीकॉप्टर टिकट और विशेष सुविधाओं का लालच देकर ठगी कर रहे हैं. कई लोग इन फर्जी ऑफर्स के झांसे में आकर हजारों से लेकर लाखों रुपये तक गंवा चुके हैं.
नोएडा पुलिस कमिश्नर ने दिए सख्त निर्देश
नोएडा पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने बताया कि मुख्यालय स्तर से सभी जिलों को विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं. आरडब्ल्यूए (RWA), एओए (AOA) और सामाजिक संगठनों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जा रहा है ताकि श्रद्धालु किसी भी तरह की ऑनलाइन धोखाधड़ी से बच सकें.
उन्होंने कहा कि साइबर अपराधी चारधाम यात्रा और पर्यटन सेवाओं से मिलते-जुलते नामों वाली फर्जी वेबसाइट तैयार कर रहे हैं. ये वेबसाइटें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और सर्च इंजन पर विज्ञापन देकर खुद को असली दिखाती हैं, जिससे लोग आसानी से भ्रमित हो जाते हैं.
हेलीकॉप्टर टिकट के नाम पर बड़ा खेल
पुलिस के मुताबिक कई ठग खुद को अधिकृत ट्रैवल एजेंट बताकर हेलीकॉप्टर टिकटों पर भारी छूट, लास्ट सीट उपलब्धता और वीआईपी दर्शन का दावा करते हैं. यात्रियों पर तुरंत भुगतान करने का दबाव बनाया जाता है.
इसके बाद फर्जी यूपीआई आईडी, क्यूआर कोड और बैंक खातों में पैसे ट्रांसफर कराए जाते हैं और रकम मिलते ही साइबर अपराधी गायब हो जाते हैं.
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि चारधाम यात्रा की हेलीकॉप्टर बुकिंग और अन्य सेवाओं के लिए केवल उत्तराखंड सरकार द्वारा अधिकृत पोर्टल का ही इस्तेमाल करें. पर्यटन विभाग ने सही जानकारी के लिए आधिकारिक व्हाट्सएप नंबर 8394833833 भी जारी किया है.
थानों को भी अलर्ट मोड पर रखा गया
चारधाम यात्रा से जुड़े साइबर फ्रॉड को रोकने के लिए पुलिस थानों को भी विशेष निर्देश दिए गए हैं. अधिकारियों को कहा गया है कि वे संदिग्ध मोबाइल नंबर, फर्जी यूपीआई आईडी, क्यूआर कोड और सोशल मीडिया अकाउंट्स पर नजर रखें.
यदि कोई व्यक्ति यात्रा से लौटने के बाद ठगी की शिकायत करता है तो उसके क्षेत्र के थाने में जीरो एफआईआर दर्ज की जाएगी और मामला संबंधित राज्य को ट्रांसफर किया जाएगा.
श्रद्धालुओं के लिए पुलिस की जरूरी सलाह
- केवल सरकारी या अधिकृत वेबसाइट से ही बुकिंग करें.
- सोशल मीडिया या व्हाट्सएप पर मिलने वाले ऑफर्स पर तुरंत भरोसा न करें.
- भुगतान करने से पहले वेबसाइट और एजेंसी की पूरी जांच करें.
- किसी अनजान यूपीआई आईडी या क्यूआर कोड पर पैसा ट्रांसफर न करें.
- ठगी होने पर तुरंत 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत करें.
- राष्ट्रीय साइबर पोर्टल पर भी ऑनलाइन शिकायत दर्ज कर सकते हैं.
पुलिस की अपील
नोएडा पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि चारधाम यात्रा श्रद्धा और आस्था का विषय है, इसलिए जल्दबाजी में कोई फैसला न लें. थोड़ी सी सतर्कता आपकी यात्रा को सुरक्षित और सुखद बना सकती है.

