उत्तराखंड

उपचुनाव में भाजपा की स्टार प्रचारकों की उतरेगी फौज, कांग्रेस प्रदेश प्रभारी समेत इनके भरोसे मैदान में

उत्तराखंड: बदरीनाथ व मंगलौर सीट पर 10 जुलाई को होने वाले उपचुनाव के लिए प्रचार अंतिम चरण में पहुंच गया है. इसके लिए भाजपा, कांग्रेस अब स्टार प्रचारकोंं को मैदान में उतार रही है. कांग्रेस की तरफ से पूर्व सीएम हरीश रावत, प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा समेत कई दिग्गज डेरा डाले हुए हैं. उत्तराखंड कांग्रेस प्रभारी शैलजा कुमारी पांच जुलाई को मंगलौर सीट में पार्टी प्रत्याशी काजी निजामुद्दीन के लिए प्रचार करेगी.

भाजपा के स्टार प्रचारक कल से फील्डिंग जमाने जा रहे हैं. भाजपा की ओर से जारी जानकारी के अनुसार अभियान की शुरुआत कल केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी के मंगलोर दौरे से शुरू होने जा रही है. इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट उनके साथ एक बड़ी जनसभा को संबोधित करेंगे.

इसके बाद 7 एवं 8 जुलाई को मुख्यमंत्री धामी बद्रीनाथ विधानसभा के चुनाव प्रचार में शामिल होंगे. जिसके तहत वह वहां 6 जनसभाओं के संबोधन के साथ पार्टी बैठकों में शिरकत करेंगे. साथ ही कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा 5 जुलाई को बद्रीनाथ विधानसभा प्रचार में शामिल होंगे एवं शीघ्र ही पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा भी वहां प्रचार के लिए जाने वाले हैं. इसी तरह गढ़वाल सांसद एवं पार्टी राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनिल बलूनी का प्रवास बद्रीनाथ विधानसभा में है.

बद्रीनाथ और मंगलोर विधानसभा को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि लोकसभा में पांचों सीट जीतने का इतिहास दोनों जगह जनता दोहराने जा रही है. वहां की जनता जानती है कि अपने क्षेत्र में विकास की रफ्तार को और अधिक तेज करना है तो विधानसभा में प्रतिनिधि राज्य और केंद्र सरकार से सामंजस्य रखने वाला होना चाहिए. लिहाजा विपक्ष चाहे जितने हवा हवाई दावे कर ले, जनता विकास के नाम पर भाजपा उम्मीदवार के पक्ष में मुहर लगाने वाली है. हम दोनों सीटों पर बड़े अंतर से कमल खिलाने वाले हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *