उत्तराखंड

बीजेपी ने बदला उत्तराखंड प्रदेश प्रभारी, हटाए गए दुष्यंत गौतम

उत्तराखंड: विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी ने बड़ा बदलाव किया है. बीजेपी ने उत्तराखंड प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम को हटा दिया है. उनकी जगह राम माधव को उत्तराखंड का प्रदेश प्रभारी बनाया है. इसके अलावा सह प्रभारी भी बदला है.

दरअसल, भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कई राज्यों के प्रदेश प्रभारियों और सह प्रभारियों की नियुक्तियां की है. जिसमें उत्तराखंड का नाम भी शामिल है. जिसके तहत राम माधव को उत्तराखंड बीजेपी प्रदेश प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है. इससे पहले दुष्यंत गौतम बीजेपी प्रदेश प्रभारी का जिम्मा संभाल रहे थे. उन्हें अब पद से हटा दिया गया है.

राम माधव के पास उत्तराखंड के अलावा तमिलनाडु बीजेपी प्रदेश प्रभारी की जिम्मेदारी भी रहेगी. वहीं, बांसुरी स्वराज को उत्तराखंड बीजेपी की सह प्रभारी बनाया गया है. इससे पहले रेखा वर्मा सह प्रभारी थीं. जबकि, दुष्यंत गौतम को कोई पद नहीं दिया गया है. गौर हो कि दुष्यंत गौतम को लेकर उत्तराखंड में नाराजगी की स्थिति थी. उनका नाम कथित तौर पर अंकिता भंडारी केस में लिया जा रहा था.

UTTARAKHAND BJP STATE INCHARGE

बता दें कि राम माधव बीजेपी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं एक प्रमुख राजनीतिक रणनीतिकार हैं. उनका पूरा नाम वाराणसी राम माधव है. जिनका जन्म 22 अगस्त 1964 को आंध्र प्रदेश के पूर्वी गोदावरी जिले में हुआ. उन्होंने मैसूर विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में स्नातकोत्तर किया है. राजनीतिक सफर की बात करें तो वे कम उम्र में ही आरएसएस यानी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़ गए थे. साल 1981 में वे आरएसएस के पूर्णकालिक कार्यकर्ता बने.

साल 2003 से 2014 तक वे आरएसएस के राष्ट्रीय प्रवक्ता रहे. जबकि, साल 2014 में उन्हें संघ से बीजेपी में प्रतिनियुक्त किया. इसके बाद साल 2014 से 2020 तक बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव रहे. इस दौरान उन्होंने जम्मू-कश्मीर और पूर्वोत्तर राज्यों में पार्टी की रणनीति बनाने में काफी अहम भूमिका निभाई. अभी वे अगस्त 2026 से बीजेपी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *