Notice: Function _load_textdomain_just_in_time was called incorrectly. Translation loading for the wordpress-seo domain was triggered too early. This is usually an indicator for some code in the plugin or theme running too early. Translations should be loaded at the init action or later. Please see Debugging in WordPress for more information. (This message was added in version 6.7.0.) in /home/lb3wquvtw5sd/public_html/tvnewstoday.com/wp-includes/functions.php on line 6114
नववर्ष 2025 का स्वागत: नए साल के पहले दिन अयोध्या, मथुरा और काशी में उमड़ी भारी भीड़ - TV News Today
उत्तर प्रदेश

नववर्ष 2025 का स्वागत: नए साल के पहले दिन अयोध्या, मथुरा और काशी में उमड़ी भारी भीड़

उत्तर प्रदेश: नए साल के पहले दिन अयोध्या, मथुरा और काशी में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी है. अयोध्या और काशी में भोर से ही मंगला आरती के साथ ही पूजन-अर्चन का सिलसिला शुरू हो गया है. वहीं, मथुरा में भी भक्तों की भारी भीड़ बिहारी जी के मंदिर के बाहर जमा है. भक्त बिहारी जी के मंदिर के पट खुलने का इंतजार कर रहे हैं. वहीं, कानपुर, लखनऊ समेत कई जिलों में मंदिरों में दर्शन-पूजन के लिए लोग परिवार के साथ पहुंच रहे हैं.

अयोध्या में भोर से ही मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ जमा है. रामलला की मंगला आरती के साथ ही पूजन-अर्चन का सिलसिला शुरू हो गया है. हर तरफ जयश्री राम के उद्घोष सुनाई दे रहे हैं. पुलिस ने भक्तों की सुरक्षा के लिए खास इंतजाम किए हैं. वहीं, कई रास्तों पर वाहनों की नो एंट्री कर दी गई है. रामपथ से अयोध्या धाम आने वाले कामर्शियल वाहन/ऑटो, ई-रिक्शा का उदया चौराहे से प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा. वाहनों की पार्किंग के लिए खास व्यवस्था की गई है.

काशी में लाखों श्रद्धालु 31 दिसंबर को ही पहुंच चुके हैं. सुबह से ही घाटों पर स्नान और दान के साथ ही बाबा विश्वनाथ के पूजन के साथ ही काशी के मंदिरों में जयघोष गूंज रहे हैं. संकट मोचन, बड़ा गणेश, काल भैरव, दुर्गा मंदिर समेत ज्यादातर मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ पहुंच चुकी है. अनुमान है कि इस बार 1 जनवरी को करीब 5 से 7 लाख लोग बाबा विश्वनाथ के दर्शन करेंगे. भक्तों की भारी भीड़ के चलते यहां के होटल और लॉज फुल हो चुके हैं. विश्वनाथ मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्व भूषण मिश्रा का कहना है कि मंगल नव वर्ष में इस तरह से लोगों का उत्साह निश्चित तौर पर श्रद्धा और आस्था का प्रतीक है हर कोई अपने नए साल को बाबा विश्वनाथ के दर्शन के साथ और भी अच्छा बनाना चाहता है. इसी उम्मीद के साथ मंदिर प्रशासन ने सभी को बेहतर दर्शन करवाने की व्यवस्था कर रखी है.

मथुरा और वृंदावन में बड़ी तादाद में भक्त बिहारी जी के दर्शन को पहुंच चुके हैं. मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ भोर से ही पहुंच चुकी है. भक्त बिहारी जी के मंदिर के पट खुलने का इंतजार कर रहे हैं. यहां राधारानी, गिरिराज जी, गोकुल, प्रेम मंदिर और इस्कॉन मंदिर में भी भक्तों की भारी भीड़ दर्शन-पूजन को पहुंच रही है. मथुरा में आज बड़ी संख्या में भक्त परिवार के लिए मंगल कामना करेंगे. भक्तों की सुरक्षा के लिए पुलिस ने काफी इंतजाम किए हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *